लखनऊ. छेडख़ानी के आरोप में गिरफ्तार हुए शोहदों के खिलाफ एसएसपी प्रवीण कुमार ने कड़ा रूख अपनाने की बात कही है। आरोपियों के खिलाफ तड़ीपार करने के अलावा उन पर गुंडा एक्ट और 7- सीएलए एक्ट की कार्रवाई भी की जाएगी। एसएसपी ने यह नया सर्कुलर बीते शुक्रवार को जारी किया है। एसएसपी के मुताबिक, बीते 6 माह के दौरान छेड़खानी के आरोप में फंसे शोहदों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी नए सर्कुलर से संबंधित सभी निर्देश राजधानी के सभी थानों के प्रभारियों को भेज दिए हैं। इतना ही नहीं छेडख़ानी के आरोप की सजा काट चुके शोहदों पर विशेष नजर रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि, जेल से छूट चुके शोहदों के आचरण की जानकारी पुलिसकर्मी करेगें। यदि आरोपी का आचरण पूर्व की तरह ही है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे शोहदों की जमानत लेने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा एसएसपी ने शहर के तमाम इलाकों में स्थित मॉल, सिनेमाघरों के मालिकों को मुख्य गेट पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा जिस चौकी के क्षेत्रांतर्गत माल आते हैं उसे कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। सभी सीसीटीवी फुटेज पुलिस चौकी पर प्रदर्शित होगी और उनकी सघन मॉनिटरिंग की जाएगी।
एसएसपी प्रवीण कुमार की फाइल फोटो।