लखनऊ. कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षा रविवार को राजधानी के 65 परीक्षा केंद्रों पर शांति पूर्वक संपन्न हो गई। परीक्षा में कुल 55 फीसदी अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। यह परीक्षा स्टेनोग्राफर की ग्रेड सी और डी के लिए कराई गई।
कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षा के लिए राजधानी में कुल 60 हजार अभ्यर्थियों को परीक्षा देना था। स्टेनोग्राफर की ग्रेड सी और ग्रेड डी की परीक्षाएं दो पालियों में सुबह दस बजे से 12 बजे तक और दो बजे से चार बजे तक आयोजित की गई। इसमें से 45 फीसदी अभ्यर्थी ही शामिल हुए।
रीजनिंग ने किया परेशान
परीक्षार्थियों के मुताबिक, स्टेनोग्राफर की ग्रुप डी के पेपर की तुलना में ग्रुप सी का पेपर कठिन था, जिन स्टूडेंट्स ने दोनों ग्रुप का पेपर दिया था, उनमें बाराबंकी से आए सुमित ने बताया कि ग्रुप डी का पेपर काफी आसान आया था। ग्रुप सी की तुलना में डी की सभी कैटेगरी आसान थी। एसएससी की परीक्षा देने आए आदित्य मिश्रा ने बताया कि पेपर वैसे, तो काफी आसान आया था, लेकिन ग्रुप डी के मुकाबले सी थोड़ा कठिन था।
आदित्य ने आगे बताया कि रीजनिंग के कुछ सवालों ने काफी परेशान किया। वहीं, हिंदी और करेंट अफेयर के सवाल काफी आसान थे। एक अन्य अभ्यर्थी सुषमा परिहार ने बताया कि पेपर में इंग्लिश काफी रहा। खासतौर पर इंग्लिश ग्रामर का पार्ट समझ में कम आया, जबकि हिंदी का पेपर आसान था।
प्लाटून कमांडर और उपनिरीक्षक की परीक्षा में 48 गैरहाजिर
रविवार को ही यूपी पुलिस के नागरिक पुलिस और पीएसी में उपनिरीक्षक और प्लाटून कमांडर की भर्ती के लिए चार परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई लिखित परीक्षा के दौरान दो हजार 430 अभ्यर्थियों में से 48 अभ्यर्थी अनुपस्थित पाए गए। पहली पाली में कांस्टीट्यूशन, इंग्लिश और मैथ्स की परीक्षाएं हुईं, वहीं दूसरी पाली में केवल हिंदी की परीक्षा हुई।