फोटो: पीड़ित स्टूडेंट्स।
लखनऊ. एमिटी यूनिवर्सिटी में रैगिंग का मामले सामने आया है। गुरुवार को जूता पॉलिश करने से इनकार करने पर सीनियर्स ने जूनियर की पिटाई कर दी। इससे उसे कई चोटें आई हैं। रैगिंग करने वाले बीटेक फोर्थ ईयर के स्टूडेंट्स हैं। पीड़ित ने चिनहट थाने में आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 323 और 506 के तहत मामला दर्ज कराया है। एसओ विजयमल यादव ने बताया की जांच के बाद जरूरी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, यूनिवर्सिटी प्रशासन ने रैगिंग की घटना से साफ इनकार किया है।
पीड़ित ने बताया कि रैंगिग करने वाले बीटेक फोर्थ ईयर के स्टूडेंट्स हैं। उन्होंने उससे जूता पॉलिश करने को कहा था। ऐसा करने से उसने इनकार कर दिया। इससे सीनियर्स गुस्से में आ गए। इसके बाद अमन सिंह, अशिकेंद्र और आतिब खान ने उसे घेर लिया। उसकी लात-घूंसों से खूब पिटाई की। मारपीट में उसे काफी चोटें आई। उसकी आंखें सूज गईं। इसके बाद उसने परिजनों को रैंगिंग की जानकारी दी। उसके पिता उसे लेकर मल्हौर पुलिस चौकी पहुंचे, जहां से उन्हें चिनहट कोतवाली भेज दिया गया।
सामने आई हेल्थ सेंटर की लापरवाही
इस दौरान हेल्थ सेंटर की लापरवाही भी सामने आई। वहां मौके पर कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। इससे अमन को सिर्फ फर्स्ट-एड ही दी गई। पीड़ित के पिता ने बताया कि तकरीबन 11 बजे की यह घटना है। तब से वह थाने के इर्द-गिर्द चक्कर ही लगा रहे हैं। पहले उन्होंने मल्हौर चौकी पर करीब एक घंटे तक इंतजार किया। वहां से उन्हें चिनहट कोतवाली भेज दिया गया। यहां भी कोई सुनवाई नहीं हुई।
यूनिवर्सिटी ने बताया स्टूडेंट्स की बीच का विवाद
वहीं, यूनिवर्सिटी के पीआरओ आशुतोष चौबे ने इसे स्टूडेंट्स के बीच का विवाद करार दिया। उन्होंने बताया कि कैंपस के ऑडिटोरियम में इंजीनियरिंग स्टूडेंट्स का प्रोग्राम चल रहा था। इसी बीच अमन वहां पहुंचा। वह आगे खाली पड़ी सीट पर बैठ गया। इसी बीच कुछ सीनियर भी वहां पहुंच गए। उन्होंने अमन से सीनियर्स के लिए सीट छोड़ने को कहा। अमन के इनकार करने पर उनमें कहासुनी होने लगी।
जूनियर ने पकड़ा सीनियर का कॉलर
पीआरओ के मुताबिक, अमन ने अपने सीनियर का कॉलर पकड़ लिया। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। उनका कहना है दोनों पक्षों ने शिकायत दर्ज कराई है। इसकी जांच के लिए कमिटी बना दी गई है। जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
आगे देखिए, पीड़ित स्टूडेंट्स की कुछ अन्य तस्वीरें...