फोटो: हंगामा करते मृतक के परिजन और लोग।
लखनऊ. राजधानी के तालकटोरा थानाक्षेत्र में गुरुवार को एक 11वीं के छात्र का शव रेलवे ट्रैक पर मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कराने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार को पुलिस-प्रशासन के रवैये से नाराज परिजनों ने शव को कम्पिल रोड पर रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान उन्होंने खूब हंगामा किया। पुलिस ने किसी तरह उन्हें समझाकर शांत कराया। परिजनों ने एक लड़की और चार लड़कों पर छात्र की हत्या का आरोप लगाया है।
बताया जाता है कि मृतक अपने दोस्तों से मिलने की बात कहकर गुरुवार की रात घर से निकला था। लोगों का कहना है कि उसके सिर पर वार करके हत्या की गई है। बाद में हत्यारों ने शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। लोगों का कहना है कि घटनास्थल पर दो लड़कियां और दो लड़के भी मौजूद थे। पुलिस के आते ही वे गायब हो गए। वहीं, पुलिस का कहना है कि उसकी मौत ट्रेन से काटकर हुई है।
जानकारी के मुताबिक, नवीनगर निवासी सुमित कृष्णानी (17) सेंट जोजफ कॉलेज में 11वीं का छात्र था। उसके पिता की मौत हो चुकी है। गुरुवार की शाम वह दोस्त के यहां कॉपी लेने जाने की बात कहकर घर से निकला था। कई घंटे बीत जाने के बाद नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता होने लगी। देर रात उसकी मौत की सूचना मिली। बेटे की मौत की खबर पाकर उसकी मां बेसुध होकर गिर पड़ी।
दोस्तों पर गहराया शक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डी ब्लॉक क्रॉसिंग के पास रात नौ बजे छात्र का शव पड़ा हुआ था। उसके सिर पर भारी वस्तु से वार किए जाने से खून वह रहा था। इससे उसकी मौत हो गई। छात्र घर से दोस्तों से मिलने की बात कहकर निकला था। ऐसे में उसके दोस्तों पर भी शक गहराया है। आशंका जताई जा रही है कि उसके दोस्तों ने मिलकर हत्या की होगी।
प्रेम प्रसंग भी हो सकती है वजह
राहगीरों के अनुसार, पुलिस को दोस्तों ने फोन करके जिस समय सूचना दी, उस समय क्रॉसिंग पर दो युवतियां और दो लड़के थे। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो लड़कियां और लड़के वहां से गायब थे। इससे प्रेम प्रसंग की बात से भी इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस इस पहलु से भी मामले की जांच कर रही है।
आगे देखिए, संबंधित तस्वीरें...