लखनऊ. मैनपुरी में हुए लोकसभा उपचुनाव में तेजप्रताप सिंह की जीत हुई है। वह सपा मुखिया
मुलायम सिंह यादव के नाती हैं। लोग उन्हें प्यार से तेजू बुलाते हैं। उन्होंने बीजेपी के उम्मीदवार प्रेम सिंह शाक्य को तीन लाख से अधिक मतों के अंतर से हराया।
एएमआईटीबाई कॉलेज नोएडा से बीबीए करने वाले तेज प्रताप सिंह ने लीड्स यूनिवर्सिटीज लंदन से एमबीए किया है। उनके राजनीतिक करियर की शुरुआत साल 2004 में निर्विरोध क्षेत्र पंचायत सदस्य बनने के साथ हुई। साल 2012 में तेजप्रताप निर्विरोध सैफई के ब्लॉक प्रमुख चुने गए। वर्तमान में वह ब्लॉक प्रमुख के पद पर आसीन हैं।
खेलों के प्रति रखते हैं रुचि
तेजप्रताप का खेलों के प्रति अत्यधिक रुचि रखते हैं। वर्तमान में वह सैफई क्रिकेट टीम के कप्तान हैं साथ ही बॉलीबाल और बैडमिंटन भी खेलना पसंद करते हैं। हाल ही में सम्पन्न हुए मैनपुरी लोकसभा आम चुनाव में उन्हें लोकसभा प्रभारी बनाकर जनता के बीच भेजा गया था। जिसके परिणाम स्वरुप मोदी लहर होने के बाद भी समाजवादी पार्टी सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव तीन लाख 64 हजार से भी अधिक मतों से जीते।
मुलायम सिंह के मैनपुरी सीट छोड़ने पर लड़े चुनाव
मैनपुरी के साथ आजमगढ़ से भी चुनाव लड़ने के कारण सपा सुप्रीमो को मैनपुरी से इस्तीफा देना पड़ा था। इसके बाद पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मांग पर तेजप्रताप यादव को प्रत्याशी बनाया गया। इस सीट पर साल 1989 से लगातार अब तक सपा का कब्जा बरकरार हैं। उपचुनाव में तेज प्रताप ने चुनाव जीतकर इसे बरकरार रखा है।
फोटो: तेज प्रताप सिंह