लखनऊ. पुलिस ने 15 दिन पहले राजधानी में हुए बुजुर्ग दंपति मर्डर केस का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को अरेस्ट किया है। पुलिस के मुताबिक, लूट की घटना को अंजाम देने के लिए दोनों की हत्या की गई थी। हालांकि, आरोपियों ने पुलिस पर जबरन फंसाएं जाने का आरोप लगाते हुए मामले से इनकार किया है। आरोपियों के पास से लूटपाट का सामान भी बरामद हुआ है।
कृष्णानगर के आजाद नगर स्थित फौजी कॉलोनी निवासी बुजुर्ग दंपत्ति कृष्णदत्त पांडेय और माधुरी पांडेय की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे और सर्विलांस की मदद से दो आरोपियों को अरेस्ट कर लिया। आरोपी संजय नौटियल और कैलाश चंदवानी उसी इलाके में रहते हैं। आरोपियों का एक साथी अभी भी फरार है। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों ने बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या के बाद घर में लूटपाट की और फिर बाकी का सारा सामान जस का तस रखकर चले गए।
आरोपियों ने किया घटना से इनकार
आरोपियों ने घटना में पुलिस पर जबरन फंसाएं जाने का आरोप लगाते हुए कहा, 'चाहो तो मेरे मोबाइल की लोकेशन निकलवा लो या मेरा नारको टेस्ट करवा दीजिए, मैंने किसी को भी नहीं मारा है। 'मैं ऐसे-वैसे अपराध करता था, लेकिन ये वाला नहीं किया।' हालांकि, जब आरोपियों से लूट का सामान और मोबाइल बरामदगी के बारे में पूछा गया तो वे कुछ नहीं बोल सके।