लखनऊ/सीतापुर. सीतापुर के तालगांव इलाके में पुरानी रंजिश में तीन दिनों से चल रहा विवाद बुधवार को बढ़ गया। यहां दो पक्षों में हुई मारपीट के दौरान अवैध असलहों से अंधाधुंध फायरिंग की गई। इस दौरान धारदार हथियार और तलवार के हमले में पांच लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को पास के अस्पताल भेज दिया है। वहीं, सीओ ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
तालगांव के माघपुर जरेली गांव में मो. यूनुस और अतीरूल्ला के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। तीन दिन पहले दोनों पक्षों में पानी भरने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। मंगलवार को दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई थी। मामला पुलिस के संज्ञान में आने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके चलते बुधवार की सुबह एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान यहां जमकर लाठी-डंडे चलाए गए। इसमें यूनुस के पक्ष के पांच लोग घायल हो गए।
मारपीट के दौरान हुई फायरिंग
मारपीट के दौरान दोनों पक्षों की ओर से कई राउंड फायरिंग भी की गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भेजा। वहीं, अतीरूल्ला ने दूसरे पक्ष के कई लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। इंस्पेक्टर सगीर अहमद ने बताया कि मारपीट की घटना हुई है, लेकिन फायरिंग का मामला सामने नहीं आया है।
फोटोः मारपीट के दौरान घायल हुए पांच लोग।