लखनऊ. मंगलवार को यूपी के राज्यपाल राम नाइक ने दिल्ली में पीएम
नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने कई महत्वपूर्ण मुद्दों और यूपी के विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की। वहीं, पीएम मोदी ने उनके सुझावों की सराहना करते हुए कहा कि ये सुझाव अच्छे हैं। इन पर विचार करने के बाद निर्णय लिया जाएगा।
पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान राज्यपाल राम नाइक ने देश के परमवीर चक्र से सम्मानित 21 लोगों के भित्ति चित्र दिल्ली में योग्य स्थान पर स्थापित किए जाने के बारे में बात की। इसके साथ ही अंडमान की सेल्युलर जेल में स्वातंत्रयवीर सावरकर की प्रतिमा की स्थापना का सुझाव रखा। मुलाकात के दौरान उन्होंने पीएम मोदी से मांग की है कि कुष्ठ पीडि़तों के लिए उन्होंने 2007 में जो याचिका संसद को दी थी, उसका अमल में लाया जाए।
राज्यपाल ने कहा कि मेरे ही सुझाव पर यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कुष्ठ पीडि़तों के निर्वहन भत्ते को प्रतिमहीने 2500 रुपए कर दिया है। वार्ता के दौरान राज्यपाल ने स्वच्छ गंगा अभियान पर चर्चा करते हुए शवों को गंगा नदी में प्रवाहित किए जाने से बढ़ते प्रदूषण की ओर ध्यान आकृष्ट करते हुए जनता में जागरूकता लाने और सर्वमान्य रास्ता निकालने की अपेक्षा की है। उन्होंने मत्स्य व्यवसाय के संवर्धन के लिए स्वतंत्र मंत्रालय की स्थापना का भी सुझाव दिया।
तारापुर अणु ऊर्जा के विस्थापितों के पुनर्वास की मांग
राज्यपाल राम नाइक ने महाराष्ट्र के तारापुर अणु ऊर्जा परिकल्प के विस्थापित लोगों के पुनर्वास और न्याय दिलाने का मामला पीएम मोदी के समक्ष रखा। तारापुर अणु ऊर्जा परिकल्प का मामला मुंबई हाईकोर्ट में पिछले 10 सालों से विचाराधीन है। 9 फरवरी को इस केस की सुनवाई न्यायमूर्ति वासंती नाइक और न्यायमूर्ति सीवी भदंग की पीठ द्वारा की गई। इसकी अगली सुनवाई अब 16 मार्च 2015 को होगी।
पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात करते हुए यूपी के राज्यपाल राम नाइक।