लखनऊ. सोमवार को देश के महान इंजीनियर एम. विश्वेश्वरैय्या के जन्मदिन पर इंजीनियरिंग विभागों में प्रमुख सचिव और विभागाध्यक्ष पदों पर विशेषज्ञ अभियंता तैनात किए जाने की मांग की गई। बिजली विभाग के अधिकारियों ने मांग की है कि, सोमवार को 'अभियंता दिवस' पर यूपी सरकार सभी महत्वपूर्ण पदों पर इंजीनियरों को तैनात करने का निर्णय ले।
सोमवार को देश भर में महान इंजीनियर एम. विश्वेश्वरैय्या के जन्मदिन को अभियंता दिवस के रूप में मनाया जाना है। ऑल इंडिया पावर इंजीनियर्स फेडरेशन के चेयरमैन शैलेंद्र दुबे और राज्य विद्युत परिषद के अभियंता संघ के अध्यक्ष आर.के. सिंह ने सीएम अखिलेश यादव को इस संबंध में अप्टर लिखकर अपील की है। अभियंताओ की दलील है कि महान इन्जीनियर एम. विश्वेश्वरैय्या के जन्मदिन पर अभियन्त्रण सेवाओं को नौकरशाही के चंगुल से मुक्त कर उन्हें इससे अच्छी श्रद्धांजलि नहीं दी जा सकती।
अभियंता पदाधिकारियों ने कहा 70 के दशक में यूपी में बिजली, सिंचाई और तकनीकी शिक्षा जैसे विभागों के प्रमुख सचिव पदों पर विशेषज्ञ अभियंता तैनात किए गए थे। जिसके अच्छे परिणाम भी देखने को मिले थे। इसी समय सबसे अधिक परियोजनाएं बनीं। बाद में नौकरशाही की दखलंदाजी बढ़ती गई और आज सभी विभागों में सचिव और प्रमुख सचिव पदों पर आईएएस तैनात हैं जो उत्तरदायित्व विहीन अधिकारों का प्रयोग कर रहे हैं। यही नहीं विभाग के प्रोजेक्टों की विफलता का ठीकरा अधीनस्थ अभियंताओं पर फोड़ रहे हैं।
फाइल फोटो।