फोटो: सोमवार को कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए सीएम अखिलेश यादव।
लखनऊ. यूपी में लगातार बिजली की समस्या से निजात दिलाने में जुटी यूपी सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। सीएम अखिलेश यादव ने सूबे के चुने हुए नौ धार्मिक स्थलों को आगामी मार्च महीने से 24 घंटे बिजली सप्लाई करने की घोषणा की है। सोमवार को सीएम ने निर्मित 200 सब-स्टेशनों का लोकार्पण भी किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अब जल्द ही राज्य की बिजली आपूर्ति सुधरेगी।
मथुरा और वृंदावन को मिलेगी 24 घंटे बिजली
200 सब-स्टेशनों का लोकार्पण करते हुए सीएम ने कहा कि यूपी में हिंदू, मुस्लिम, सिख, बौद्ध और जैन सभी धर्मों के धार्मिक स्थल हैं। उन्होंने कहा कि इन स्थानों के धार्मिक और पर्यटन महत्व को देखते हुए अगले मार्च से 24 घंटे बिजली दी जाएगी। इन धार्मिक स्थलों में मथुरा, वृंदावन, किछौछा शरीफ, दरगाह नजीबाबाद, हस्तिनापुर, पंचप्यारे, देवा शरीफ और श्रावस्ती शामिल हैं।
केंद्र ने भी माना यूपी ने किया है अच्छा काम
सीएम अखिलेश ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि गांव और तहसील स्तर पर सभी लोगों को समुचित बिजली मिले। ऊर्जा विभाग के कई कार्य ऐसे हैं जो जनता को मालूम नहीं पड़ते। ऐसे में उन्होंने जानकारी दी कि सूबे में अंडर ग्राउंड केबलिंग का काम शुरू हो चुका है। सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार ने भी यह स्वीकार किया है कि यूपी सरकार सही दिशा में काम कर रही है।
पार्टियों को मालूम नहीं कि यूपी में है कटिया कनेक्शन
सीएम अखिलेश ने बीजेपी का बिना नाम लिए कहा कि कुछ दलों को मालूम ही नहीं कि यूपी में कितने कटिया कनेक्शन हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा यूपी में 24 घंटे बिजली देने की पोल खुल चुकी है। जिन राज्यों में निर्बाध बिजली आपूर्ति की जाती है वहां गांवों में भी जगह-जगह मीटर लगे हुए हैं। सीएम ने फिल्म कटियाबाज का जिक्र करते हुए कहा कि इस फिल्म को इसलिए टैक्स फ्री किया गया था ताकि लोगों को पता चल सके कि यूपी में कितने कटिया कनेक्शन हैं। इसका मकसद सिर्फ यूपी के कटियाबाज कनेक्शनधारियों को सामने लाना था।
आगे देखें कार्यक्रम से जुड़ी हुई अन्य तस्वीरें...