लखनऊ. राजधानी के विभूतिखंड इलाके में 13 सितंबर को बरामद हुए महिला का शव निशातगंज निवासी ब्यूटीशियन शरीफुन निशा का था। गुरुवार की सुबह विभूतिखंड थाने पहुंचकर परिवार वालों ने उसकी शिनाख्त की। इस मामले में बुधवार को पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। शरीफुन निशा की गला दबाकर हत्या की गई थी।
सीओ गोमतीनगर आलोक कुमार ने बताया कि गुरुवार की सुबह निशातगंज पुरानी तकिया निवासी फल विक्रेता कलीम की ससुराल वाले विभूतिखंड पहुंचे। उन लोगों ने बताया कि उनकी बेटी शरीफुन निशा 13 सितंबर से गायब है। पुलिस ने फौरन उन्हें डाकघर के पास मिले शव की फोटो दिखाई। इसके बाद उन लोगों ने शव की शिनाख्त शरीफुन निशा के रूप में की।
भाभी का पता लगा रही पुलिस
शरीफुन निशा की मां सुगरा बानो ने बताया कि उनकी बेटी ब्यूटीशियन का काम करती थी। वह बीते 13 अगस्त की शाम चार बजे घर से किसी भाभी का फेशियल करने के लिए निकली थी। इसके बाद वह लापता हो गई थी। परिवार वालों ने जब शरीफुन का
मोबाइल फोन मिलाया तो फोन बंद था। इसके बाद से परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। शरीफुन की हत्या के मामले में परिवार वालों ने फिलहाल किसी पर कोई शक नहीं जताया है।
इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की ली जा रही मदद
पुलिस ने बताया की पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि की हुई है। परिजनों ने अभी तक किसी पर हत्या की आशंका नहीं जताई है और न ही किसी से कोई रंजिश की बात सामने आई है। लिहाजा, मोबाइल नंबर एक अहम सुराग होगा। वहीं, जिस भाभी का फेशियल करने की बात कहकर वह घर से निकली थी उसके बारे में भी परिवार कुछ नहीं जानता। अब पुलिस शरीफुन निशा के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लेकर छानबीन में लगी है।
फाइल फोटो