लखनऊ. बिल्डर के इशारे पर पुलिस द्वारा प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए लालगंज के अयोध्या कॉलोनी निवासी अभिलाष गुप्ता ने नींद की गोलियां खाकर ख़ुदकुशी करने का प्रयास किया। परजिनों ने पीडि़त को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल में भर्ती का दिया है। डॉक्टरों ने बताया कि पीडि़त की हालत स्थिर है लेकिन वो अभी सदमे में ही है।
बताते चलें, लालगंज अयोध्यापुरी निवासी कई दिनों से पुलिस पर फर्जी मुकदमे में फंसा कर प्रताड़ित करने का आरोप लगा रहा था। आशीष ने बताया कि अवैध तरीके से हो रहे निर्माण के खिलाफ शिकायत करने की वजह से बिल्डर हमें प्रताड़ित कर कर रहा है और फर्जी तरीके से मुकदमे में फंसाने की कोशिश कर रहा है।
पीडि़त के अंदर पुलिस का खौफ इस कदर था की सिविल अस्पताल में जब वह कुछ देर के इलाज के बाद होश में आया तो वह वहां से भागने का प्रयास करने लगा। वहां मौजूद लोगों से बार-बार कह रहा था की मुझे यहां से भाग जाने दो नहीं तो वे मुझे पकड़ ले जाएंगे। इस बात पर वहां मौजूद डॉक्टरों ने कहा की तुम यहीं रहो तुम्हें कोई नहीं पकड़ेगा। इसके बाद उसके कई रिश्तेदार वहां बैठे रहे तब जाकर वह थोड़ा शांत हुआ।
अभिलाष के भाई आशीष गुप्ता ने आरोप लगाया कि पुलिस बिल्डर के साथ मिलकर मेरे पूरे परिवार को परेशान कर रही है। केसरबाग पुलिस थाने में कई बार शिकायत करने पर भी कोई सुनवाई नहीं हुई। इंस्पेक्टर आर.बी. साहू से बात की गई तो उन्होंने सब आरोपों को बेबुनियाद बताया और कहा की दोनों भाइयों ने पुलिस से भी दुर्व्यवहार किया है। वे कुछ मामले में वांछित हैं लिहाजा उनकी खोजबीन की जा रही है।
फोटो: सिविल अस्पताल में भर्ती पीडि़त अभिषेक गुप्ता।