लखनऊ. राजधानी के तालकटोरा इलाके में रहने वाले एक युवक ने पत्नी और ससुराल वालों की धमकियों से तंग आकर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सोमवार सुबह उसकी लाश घर के आंगन में जाल में रस्सी के सहारे लटकती मिली। मौके से मिले सुसाइड नोट में उसने अपनी पत्नी और सास-ससुर पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने मृतक की पत्नी शिवानी और उसके माता-पिता के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कर ली। जांच के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बताते चलें कि पेशे से सेल्समैन (रिचार्ज विक्रेता) एफ-705 राजाजीपुरम तालकटोरा निवासी अभिषेक जैन की शादी फरवरी 2014 में शिवानी नाम की युवती से हुई थी। शादी के 15 दिन बाद ही उसकी पत्नी घर छोड़ कर मायके चली गई। इसके बाद अभिषेक के कई बार बुलाने पर भी शिवानी अपने ससुराल नहीं आई। रिश्तेदारों के साथ मिलकर विदाई का दबाव बनाने पर उसे ससुराल वालों की तरफ से धमकी मिलनी शुरू हो गई। उसे फोन पर सास-ससुर और उसकी पत्नी दहेज प्रताड़ना में फंसाने और महिला आयोग में घसीटने की धमकी दिया देने लगे। इससे अभिषेक बहुत परेशान रहने लगा।
घर खाली पाकर लगाई फांसी
दो दिन पहले पूरा परिवार नाका में रहने वाले रिश्तेदार के यहां गया था। सोमवार की सुबह जब सब लोग घर आए तो अंदर से दरवाजा बंद था। कई बार खटखटाने पर भी जब दरवाजा नहीं खुला तो दरवाजा तोड़ा गया। घर में दाखिल होते ही उसके पिता सहित पूरा परिवार सकते में आ गया। अभिषेक की लाश आंगन के जाल में रस्सी के सहारे लटक रही थी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सुसाइड नोट में पत्नी और सास-ससुर पर आरोप
जांच के दौरान पुलिस ने अभिषेक के पास से एक सुसाइड नोट बरामद किया। इसमें उसने पत्नी शिवानी के अलावा सास और ससुर के प्रताड़ना से तंग आकर खुदकशी करने की बात बताई है। शुरुआती छानबीन के बाद पुलिस ने इस मामले में अभिषेक की पत्नी और उसके सास-सुसर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने जांच के आधार पर फर्रुखाबाद निवासी मृतक की पत्नी शिवानी, ससुर वीरेन्द्र कुमार गुप्ता और सास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
फाइल फोटो