हंगामे के दौरान मौके पर मौजूद नगर निगम की टीम और पुलिस।
मेरठ. अवैध होर्डिंग हटाने गईं नगर निगम की टीम को शुक्रवार को होर्डिंग ठेकेदार का जमकर विरोध का सामना करना पड़ा। कर्मचारियों के साथ हो रहे विरोध और हंगामे की सूचना पर मेयर हरिकांत अहलूवालिया मौके पर पहुंचे। इसके बाद होर्डिंग ठेकेदार ने मेयर के साथ भी बदसलूकी कर दी। इसकी जानकारी मिलते ही निगम के पार्षद और कर्मचारियों के अलावा भाजपा कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। साथ ही थाना टीपीनगर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इस दौरान ठेकेदार और उसके साथी वहां से चले गए। टीपीनगर थाने में आरोपी ठेकेदार के खिलाफ दो अलग-अलग तहरीर दी गई हैं।
शुक्रवार को नगर निगम की टीम अवैध होर्डिंग हटाने के लिए मेरठ-बागपत रोड पर मलियाना पुल के पास पहुंची थी। शाम करीब चार बजे टीम ने यहां लगे होर्डिंग हटाने शुरू किए। इसी दौरान वहां होर्डिंग ठेकेदार ज्ञानेंद्र और उसके साथी वहां पहुंच गए। आरोप है कि ठेकेदार और उसके साथियों ने नगर निगम कर्मचारियों और वहां मौजूद पार्षदों के साथ अभद्रता करते हुए हंगामा कर दिया।
इसकी सूचना पार्षदों ने मेयर को दे दी। सूचना मिलने पर मेयर हरिकांत अहलूवालिया मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि ठेकेदार और उसके साथियों ने मेयर के साथ भी बदसलूकी की। काफी देर तक मौके पर हंगामा होता रहा। बाद में नगर निगम की टीम ने मलियाना क्षेत्र में मुख्य सड़क पर लगे सभी अवैध होर्डिंग उखाड़ तोड़ दिए।
हंगामे की सूचना पर नगरायुक्त अब्दुल समद भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि अवैध होर्डिंग पूरी तरह हटाएं जाए। सूत्रों का कहना है कि शुक्रवार को मेयर के साथ हुई घटना के बाद मेयर को ब्लैक लिस्ट में डालने की तैयारी भी की जा रही है।
आगे पढ़िए, टीपीनगर में दर्ज कराया गया मुकदमा...