मेरठ. बीते दिनों गन्ने के खेत में मृत मिले चार साल के मासूम गोलू की जान तांत्रिक क्रिया में ही ली गई थी। पुलिस ने आरोपी भगत समेत पांच लोगों को गोलू की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। भगत के कहने पर ही मासूम गोलू का अपहरण कर उसके साथ तंत्र क्रिया की गई। यह तंत्र क्रिया गांव के ही टिंकू उर्फ रविंद्र के लिए की गई थी। रविंद्र के तीन बेटियां थी और वह चाहता था कि उसे बेटा पैदा हो।
बुधवार को एसएसपी ने पुलिस लाइन में आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पूरी घटना का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, तंत्र क्रिया के दौरान गोलू के पेट में 11 स्थानों पर नुकीली पिन घोंपी गई थी। एसएसपी सुभाष सिंह बघेल ने बताया कि इस घटना के आरोपी धर्मवीर, शियानंद, टिंकू उर्फ रविंद्र, संगीता और पूजा को गिरफ्तार कर लिया गया है।
दरअसल, राली चौहान निवासी अनिल का चार वर्षीय गोलू दो फरवरी को घर के बाहर से करीब साढ़े तीन बजे गायब हो गया था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की थी, लेकिन जब उसका कोई सुराग नहीं लगा। चार फरवरी को थाना भावनपुर में अपहरण का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई थी।
इसके बाद सात फरवरी को गोलू का शव गांव के ही मदन के गन्ने के खेत में पड़ा मिला था। शव देखने से लग रहा था कि तंत्र क्रिया के चलते गोलू की हत्या हुई। मौके पर बुलाए गए डॉग स्क्वॉयड से जब जांच कराई गई तो वह गांव के शियानंद के मकान के पास जाकर रुक गया था। शियानंद के अलावा भक्त धर्मवीर के मकान पर जाकर भी डॉग रुक गए थे। पुलिस ने शियानंद और उसकी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरी घटना का खुलासा हो गया।
आगे पढ़िए बेहोश कर लोहे की सेफ में रखा गया था गोलू...