सहारनपुर. बेहट क्षेत्र के कलसिया गांव निवासी तीन बच्चों ने मां-बाप के झगड़ों से परेशान होकर घर छोड़ दिया। बच्चे कहां गए हैं, इसका पता नहीं चल पाया है। फिलहाल परिजन तीनों की तलाश में जगह-जगह भटक रहे हैं।
ये है पूरा मामला
कन्हैया पुत्र रामस्वरूप छुटमलपुर रोड पर चाय की दुकान लगाता है। मंगलवार की दोपहर अचानक स्कूल से आने के बाद कन्हैया की बड़ी बेटी आरती (15), लक्ष्मी (13) और बेटा कुणाल (10) घर छोड़कर चले गए। बच्चों की बुआ रेशमा और चाची रीना ने बताया कि घर छोड़ने से पहले आरती का लिखा खत मिला है। इसमें उसने लिखा है कि वह घर में मां-बाप के बीच होने वाली कहासुनी से तंग आकर घर छोड़कर जा रही है। उसे कोई ढूंढने की कोशिश न करे।
पिता ने दर्ज कराई रिपोर्ट
वहीं, कन्हैया ने कोतवाली में तहरीर देकर पुलिस से बच्चों की बरामदगी की मांग की है। कन्हैया का कहना है कि वह और उसकी पत्नी घर पर नहीं थे। इसी दौरान बच्चे घर से चले गए। आसपास और रिश्तेदारी में तलाश की है, लेकिन बच्चों का पता नहीं चल सका है। एसएसपी एसपी सिंह यादव का कहना है कि बच्चों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद उनकी तलाश की जा रही है।