इलाहाबाद. राजधानी दिल्ली के उबेर कंपनी की टैक्सी में महिला के साथ रेप के मामले को लेकर अब सियासत शुरू हो गई है। कांग्रेस पार्टी ने आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव में इसे बड़ा मुद्दा बनाने का फैसला लिया है। कांग्रेस प्रवक्ता रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि मोदी सरकार कानून व्यवस्था के मुद्दे पर पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम उठाने के बजाय सिर्फ बयानबाजी में ही लगी रहती है। उन्होंने इस मसले पर केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से माफी मांगने को भी कहा है।
रीता जोशी ने सोमवार को इलाहाबाद में कहा कि उबेर कंपनी की टैक्सी में महिला के साथ रेप की घटना बेहद शर्मनाक है। यह सरकार की नाकामी को उजागर करती है। कांग्रेस पार्टी दिल्ली विधानसभा चुनाव में इसे बड़ा मुद्दा बनाएगी। पार्टी चुनाव में इस घटना को जोर-शोर से उठाएगी, जिससे मोदी सरकार शर्म से महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर कोई कदम उठाए।
रीता जोशी के मुताबिक, गृहमंत्री राजनाथ सिंह द्वारा आरोपी को जल्द गिरफ्तार किए जाने का बयान देकर वाहवाही लूटने के बजाय उन्हें माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने इस घटना ने न सिर्फ निर्भया कांड को दोहराया है, बल्कि यह हकीकत भी बयान की है कि उनकी सरकार सिर्फ बयानबाजी ही करती है।
फाइल फोटो-रीता जोशी।