सहारनपुर. विकलांग युवक से एक युवती को प्रेम विवाह करना अब भारी पड़ रहा है। परिजनों द्वारा दोनों को धमकी दी जा रही है। प्रेमी युगल ने ऑनर किलिंग की आशंका जाहिर करते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है। एसएसपी ने उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया है। इस बाबत संबंधित कोतवाली के इंस्पेक्टर को भी आदेश दिए गए हैं।
कोतवाली मंडी क्षेत्र के धोबीवाला निवासी शाहजमानी की मुलाकात कुछ दिन पहले वहीं के रहने वाले एक विकलांग युवक से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत हुई और दोनों एक दूसरे को अपना दिल दे बैठे। दिल मिलने के बाद शाहजमानी ने अपने परिजनों की मर्जी के बगैर कुछ दिन पहले विकलांग युवक मोहम्मद आसिफ से प्रेम विवाह कर लिया।
जान से मारने की मिल रही है धमकी
मंगलवार की दोपहर अपने पति आसिफ के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंची शाहजमानी ने बताया कि उसकी इस शादी से उसके परिजन जरा भी खुश नहीं हैं और दोनों को ही किसी न किसी रूप में प्रताड़ित कर रहे हैं। उसने ऑनर किलिंग की आशंका जाहिर किया है। उसने बताया कि उसके परिजन उसे और उसके पति आसिफ को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
एसएसपी ने दिया सुरक्षा का भरोसा
साथ ही उसके पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों को भी फर्जी केस में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। इस बाबत बार-बार फोन कर उसे टार्चर किया जा रहा है। उसने एसएसपी भरत सिंह यादव को प्रार्थना पत्र देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। एसएसपी ने शाहजमानी और उसके पति को सुरक्षा का भरोसा दिया है। इस बाबत संबंधित कोतवाली के इंस्पेक्टर को भी आदेश दिए गए हैं।
फोटो: प्रेमी युगल,जिन्होंने ऑनर किलिंग की आशंका जाहिर की।