मेरठ. गटर में गिरी एक गाय को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए तीन घंटे तक कड़ी मशक्कत की गई। एक बार तो लगा कि गाय बच नहीं सकेगी, लेकिन बचाव कार्य में जुटे स्थानीय लोगों और एनीमल केयर संस्था ने हार नहीं मानी। लोगों की मेहनत रंग लाई और गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना बुधवार को पीएल शर्मा रोड की है। जानकारी के अनुसार, पीएल शर्मा रोड पर सत्यम कॉम्पलेक्स के बाहर नाला है। उसके अंदर पानी जाने के लिए गटर बने हैं। दोपहर में करीब 12 बजे एक गाय गटर में गिर गई। उस वक्त किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी। करीब पौने दो बजे लोगों की नजर गटर में फंसी गाय पर गई तो उन्होंने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया। इस प्रयास में गाय नाले के अंदर की ओर चली गई और बुरी तरह फंस गई।
एनीमल केयर सोसाइटी ने चलाया रेस्क्यू
गाय को फंसा देखकर लोगों ने एनीमल केयर सोसाइटी के सचिव डॉ. अंशु माली को फोन कर मौके पर बुला लिया। मौके पर अपनी एंबुलेंस लेकर पहुंचे डॉ. अंशु माली ने पहले अपनी संस्था की क्रेन से गाय को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। उसके बाद फायर बिग्रेड की गाड़ी को फोन कर बुलाया गया। वहीं, उनके पास भी क्रेन नहीं होने से बात नहीं बनी। तब स्थानीय पार्षद बलराज गुप्ता ने एक जेसीबी मौके पर बुला ली। जेसीबी की मदद से नाले के ऊपर बनी सड़क को खोदा गया। नाला खोदने के बाद नाले में फंसी गाय को रस्सी बांधकर क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया। इस रेस्क्यू में तीन घंटे से भी अधिक समय लगा। दो बजे से शुरू हुआ रेस्क्यू सवा पांच बजे तक चला।
नहीं पहुंचे नगर निगम के कर्मचारी
गाय के नाले में फंसे होने की जानकारी नगर निगम को भी दे दी गई थी, लेकिन गाय को सुरक्षित बाहर निकाले जाने तक नगर निगम का कोई कर्मचारी वहां नहीं पहुंचा। कुछ लोगों के साथ डॉ. अंशु माली स्वयं नाले में उतरे और गाय को बाहर निकलवाया। इस दौरान लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुटी रही।
आगे तस्वीरों में देखिए गाय को गटर से बाहर निकालने के लिए किस तरह करनी पड़ी मशक्कत...