मेरठ/सहारनपुर. दवा कारोबारी से लूटपाट करने आए रविवार को दो बदमाश दुकानदारों के हत्थे चढ़ गए। इसके बाद उन्होंने दोनों को बंधक बनाकर जमकर पिटाई की। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया गया। पकड़े गए बदमाशों में एक बदमाश हरियाणा के एक गिरोह का सदस्य और हत्या के मामले में जेल जा चुका है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के किशनपुरा स्थित दवा के थोक व्यापारी गौरव सेठ की दुकान पर रविवार की देर शाम दो बदमाश पहुंचे और कुछ दवाइयां खरीदीं। गौरव ने जब पैसे मांगे तो बदमाशों ने उस पर तमंचे तान दिए और लूटपाट का प्रयास शुरू कर दिया। साहस करके गौरव ने शोर मचा दिया। आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदार एकत्रित हो गए ओर दोनों बदमाशों को दबोच लिया। इसके बाद उसे बंधक बनाकर जमकर धुनाई की।
इसी बीच सूचना नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, जहां दुकानदारों ने दोनों बदमाशों को उनके हवाले कर दिया। पूछताछ के दौरान पकड़े गए बदमाशों ने अपना नाम जितेन्द्र निवासी गांव थंभर बराड़ा, हरियाणा और अंकित निवासी कुंडीकला गांव थाना सरसावा बताया है। पूछताछ में बदमाश जितेंद्र के बारे में पता चला कि वह हत्या का आरोपी है और हत्या और लूट के मामले में जेल जा चुका है।
फोटो: पकड़े गए दोनों बदमाशों की पिटाई करते लोग।