मेरठ. ब्रहमपुरी थानाक्षेत्र में घरेलू सिलेंडर पर खाना बनाते वक्त आग लगने से एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां महिला ने दम तोड़ दिया। आग लगने की सूचना पर मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की गाड़ी ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, ब्रह्मपुरी थानाक्षेत्र में भवानी प्रिंटर्स के नाम से जितेंद्र की दुकान है। दुकान की ऊपरी मंजिल पर उनका मकान बना हुआ है। दिन में उनकी 40 वर्षीय पत्नी शोभा घर पर खाना बना रही थी। इसी दौरान अचानक गैस लीक होने से सिलेंडर ने आग पकड़ ली। शोभा ने खुद ही आग बुझाने का प्रयास किया और शोर मचा दिया। कमरा छोटा होने के कारण आग एकदम से पूरे कमरे में फैल गई।
आग लगते ही घर में अफरा-तफरी फैल गई। किसी तरह आग सिलेंडर को उठाकर बाहर फेंका गया, लेकिन तब तक शोभा आग बुझाने के चक्कर में बुरी तरह झुलस चुकी थी। इस दौरान परिवार के दो अन्य सदस्य भी आग बुझाने के चक्कर में झुलस गए। वहीं, महिला की मौत के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। आग लगने की सूचना पर फायर बिग्रेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने की इस घटना से मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को वहां से हटाया।
फोटो: सिलेंडर में आग लगने से घर में जलकर खाक हुआ सामान।