फोटो: अतिक्रमण हटाते लोग।
सहारनपुर. शहर में रोजाना लगने वाली जाम से निजात दिलाने के लिए शासन स्तर पर कार्रवाई प्रारंभ की गई। गुरुवार को डीएम के आदेश पर चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत चलाए गए बुलडोजर से कई स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान कई स्थानों पर हंगामा भी हुआ, लेकिन पुलिस बल के चलते विरोधी देर तक नहीं टिके।
जिलाधिकारी डा. इंद्रवीर सिंह यादव के निर्देश पर गुरुवार को अमल करते हुए एसपी सिटी की अगुवाई में निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाने के लिए जोरदार अभियान चलाया। शहर के पेपर मिल रोड और अस्पताल चौक जाने के लिए लोगों को सबसे ज्यादा विश्वकर्मा चौक पर जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। यह फीडबैक सामने आने के बाद इस इलाके में तकरीबन हर रोज लगने वाले जाम की समस्या से निपटने के लिए बुधवार को जिलाधिकारी ने अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर विश्वकर्मा चौक का दौरा भी किया था और पुराने पुल पर आवाजाही फिर शुरू करने के निर्देश दिए थे।
नगर मजिस्ट्रेट ने चलाया अभियान
नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार सिंह और सीओ सदर चरण सिंह के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। सदर थाने से ठीक पहले इस इलाके में सड़क के किनारे जूस और अन्य सामान की जो अनधिकृत दुकानें बनाई गई थीं। उन पर फौरी कार्रवाई करते हुए प्रशासनिक अमले ने न केवल सभी अवैध कब्जे हटवा दिए, बल्कि राजनीतिक दलों के लोगों द्वारा लगाए गए फ्लैक्स और होर्डिंग्स भी नहीं छोड़े। इन्हें जेसीबी की सहायता से हटवाया गया। इसके बाद प्रशासनिक अमला चकराता रोड पहुंचा और जोगियान पुल स्थित राजकीय क्रीड़ास्थल के बाहर अवैध रूप से रखे गए खोखों को हटाया। इसके चलते पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
कुछ लोगों ने किया विरोध
कुछ लोगों ने मामूली विरोध भी किया, जिसे लेकर थोड़ी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। इसके बावजूद, कार्रवाई जारी रही। इस दौरान नगर निगम के कर निर्धारण अधिकारी अरुण कुमार, फैसल सहित कई थानों के अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
आगे देखिए तस्वीरें...