फोटो: अमेरिकी ट्रेनर मेलिशा से आत्मरक्षा के गुर सीखती स्कूल की छात्राएं।
मेरठ. खुद को सुरक्षित करने के लिए कॉलेज की छात्राएं इन दिनों आत्मरक्षा के गुर सीख रही हैं। असीम नारी शक्ति संगठन महिला कॉलेजों में जाकर छात्राओं को विशेष शिविर के माध्यम से आत्मरक्षा के प्रति जागरूक कर रहा है। संगठन की ओर से अमेरिका से आई मार्शल आर्ट एक्सपर्ट मेलिशा छात्राओं को प्रशिक्षण दे रही हैं। अलग-अलग कॉलेजों में दिए गए प्रशिक्षण के माध्यम से अब तक सैकड़ों छात्राओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है।
बताते चलें कि कॉलेज की छात्राएं काफी उत्साह से अपनी आत्मरक्षा के तौर-तरीके सीख रही हैं। संगठन का यह अभियान पूरे प्रदेश में चल रहा है। शिविर के दौरान ट्रेनर मेलिशा बता रही हैं कि कैसे अक्सर अचानक विपदाएं आ जाती हैं। कुछ पुरुषों की मानसिकता का परिचय देते हुए उन्होंने बताया कि कैसे उनसे बचा जा सकता है? मनचलों की नीयत क्या है? यह कैसे पता किया जा सकता है? यह प्रशिक्षण के दौरान बताए जा रहे हैं।
एनजीओ की राष्ट्रीय अध्यक्ष सरोजनी अग्रवाल ने बताया कि उनके संगठन का मकसद महिलाओं के सशक्तिकरण से जुड़ी समस्या पर कार्य कर रहा है। संगठन महिलाओं को नौकरी पाने के लिए योग्य बनाने के लिए शिक्षा, उनकी प्रतिभाओं को खोज कर विकास करना और नई विधाओं को सीखने आदि के लिए कार्य कर रहा है। महिलाओं को पूरी तरह आत्मनिर्भर बनाना संगठन का पहला लक्ष्य है।
इन कॉलेजों में लगाए जा चुके हैं शिविर
नारी असीम संगठन की ओर से मेरठ के आईआईएमटी, बीआईटी, सिटी वोकेशनल पब्लिक स्कूल और राधा गोविंद ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस आदि में यह शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। मेरठ केअलावा नोएडा, मथुरा, आगरा और लखनऊ में भी संगठन की ओर से 500-500 छात्राओं को आत्मरक्षा की ट्रेनिंग दी जा चुकी है।
छात्राओं में दिख रहा है उत्साह
आत्मरक्षा के गुर सीखने के लिए स्कूल, कॉलेजों की छात्राओं में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। छात्राएं तनु, सविता, विधु, प्रिया और गुंजन आदि छात्राओं का कहना है कि शिविर में उन्होंने जो सीखा वह उनकी आत्मरक्षा में मदद करेगा। छात्राओं का कहना था कि उन्होंने जो सीखा उसे दूसरी छात्राओं को भी सिखाएंगे। मेलिशा ने उन्हें आत्मरक्षा के आसान दांव पेंच सिखाए, जिनकी मदद से मनचलों को सबक सिखाया जा सकता है।
आगे देखिए स्कूल की छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखातीं मार्शल आर्ट एक्सपर्ट मेलिशा की अन्य तस्वीरें…