मेरठ. लावड़ दौराला मार्ग पर आधा दर्जन से अधिक बोलेरो सवार बदमाशों ने पशु व्यापारी और उसके बेटों पर गोली बरसाकर 16.5 लाख रुपए लूट लिए। गोली लगने से व्यापारी और उसका बेटा घायल हो गए। बदमाश घटना को अंजाम देकर दौराला की ओर भाग निकले। बदमाशों के जाने के बाद कंट्रोल रूम को लूट की सूचना पीड़ितों ने दी। मौके पर पहुंची थाना दौराला पुलिस ने घायल व्यापारी और उसके बेटे को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। बदमाशों को पकड़ने के लिए पूरे शहर की नाकेबंदी की गई, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। व्यापारियों के साथ हुई लूट की सूचना मिलने पर एसएसपी, एसपी देहात, एसपी सिटी और सीओ दौराला मौके पर पहुंचे।
प्रदेश के राज्यपाल राम नाइक यूपी की कानून-व्यवस्था पर गलत सवाल नहीं उठा रहे हैं। प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से पटरी से उतरी हुई है। अपराधियों को पुलिस का थोड़ा सा भी खौफ नहीं रह गया है। बेखौफ बदमाश लगातार आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
सोमवार को इंचौली निवासी जमील अपने बेटे, सलीम, शब्बू और शकील के साथ कैंटर से सरधना के मढियाई में लगने वाली पशु पैठ में कैंटर से जा रहा था। कैंटर अहमद नगर निवासी शौकत चला रहा था। ये लोग जब दौराला लावड़ मार्ग पर काली नदी के पुल पर पहुंचे तो वहां गन्ने से भरी एक ट्रैक्टर ट्रॉली के आगे बदमाशों ने अपनी बोलेरो गाड़ी लगा कर रोक रखा था। इससे पुल का रास्ता बंद हो गया।
कैंटर सवार पशु व्यापारी जमील को शक हुआ तो उसने चालक शौकत से अपना ट्रक पीछे करने के लिए कहा। चालक ट्रक को पीछे लेकर भागा तो बोलेरो से सात आठ बदमाश उतरे और उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। बदमाशों की गोली से जमील और उसका बेटा सलीम घायल हो गए। जमील की कमर और पैर में गोली लगी, जबकि सलीम के हाथ में गोली लगी। बदमाशों ने सभी को गन प्वाइंट पर लेकर उनके साथ मारपीट की और उनके पास मौजूद पैसे लूट लिए। पीड़ितों के अनुसार बदमाशों ने जमील से 8 लाख, सलीम से 6 लाख और शब्बू से ढाई लाख रुपये लूटे।
आगे पढ़िए वापस दौराला की ओर भागे बदमाश...