पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Missing Child Body Found In Sugarcane Fields Latest News In Hindi

मेरठ: गन्‍ने के खेत में मिला लापता बच्चे का शव, बलि देने की आशंका

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मेरठ. दो फरवरी से लापता चार साल के मासूम बच्चे का शव गांव के पास ही एक खेत में मिलने से हड़कंप मच गया। हत्या गला घोंटकर की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों का मानना है कि बच्चे की हत्या बलि देने के इरादे से की गई है। पुलिस भी हत्या के पीछे तांत्रिक क्रिया को मानने से इनकार नहीं कर रही है।
थाना भावनपुर के गांव राली चौहान निवासी अनिल जाटव एक स्पोर्ट्स फैक्ट्री में काम करता है। अनिल का चार साल का इकलौता बेटा गोलू दो फरवरी को अचानक घर के बाहर खेलते समय गायब हो गया था। बच्चे की काफी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने थाना भावनपुर में गोलू की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। सोमवार को गांव की कुछ महिलाएं मदन के गन्ने के खेत में गई तो उन्हें वहां गोलू का शव पड़ा दिखाई दिया। सूचना मिलने पर परिजन वहां पहुंच गए और गोलू का शव देखते ही वह गश्त खाकर गिर पड़े।
ग्रामीणों ने किया पुलिस का विरोध
बच्चे का शव मिलने की सूचना पर गांव में पहुंची पुलिस का ग्रामीणों ने विरोध किया। ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस यदि पहले से गंभीर होती तो गोलू शायद सकुशल बरामद हो जाता। बच्चे के गले पर लाल रंग के निशान मिले हैं, जिससे पुलिस हत्या की वजह तंत्र-मंत्र को मान रही है।
पड़ोसी दंपति गिरफ्तार
गोलू की हत्या का शक परिजनों ने अपने पड़ोसी सियानंद और उसकी पत्नी पर जताते हुए तहरीर दी। एसओ भावनपुर के अनुसार, अनिल के पड़ोसी सियानंद और उसकी पत्नी संगीता को गिरफ्तार कर लिया गया है। सियानंद की पत्नी पर भूत-प्रेत का साया बताया गया। इसके चलते तांत्रिक क्रिया के लिए गोलू का अपहरण हुआ था। एसओ मोहन सिंह के अनुसार, सियानंद और उसकी पत्नी से पूछताछ की जा रही है।
शिवा की हत्या का खुलासा
थाना सरधना के दौलतपुर गांव में 16 जनवरी को हुई मासूम शिवा की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शिवा की हत्या गांव के फूल सिंह ने की थी। पूछताछ में फूल सिंह ने बताया कि उसने छह वर्षीय शिवा पुत्र ओमेंद्र को 16 जनवरी की सुबह घर के बाहर खेलते समय अगवा कर लिया था। शिवा को अगवा उसने तंत्र क्रिया के लिए किया गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
फोटो: बच्‍चे की शव को देख रोता-बिलखता बाप।