सहारनपुर. टीवी पर आने वाले धार्मिक सीरियलों के बाद अब मंच पर दिखाई जाने वाली रामलीला के प्रति भी लोगों का रुझान कम होता जा रहा है। अब शहर की रामलीलाओं में दर्शकों को बुलाने के लिए आयोजक डांसरों को सहारा ले रहे हैं। शहर की विभिन्न रामलीलाओं में खरदूषण और रावण के दरबार में दिल्ली और नोएडा की बार बालाएं जमकर मटक रही हैं। बार बालाओं के ठुमकों पर आयोजक ही नहीं दर्शक भी नोट लुटा रहे हैं।
सहारनपुर शहर में करीब एक दर्जन स्थानों पर रामलीला का मंचन किया जा रहा है। अमूमन सभी रामलीलाओं में दर्शकों की बेहद कमी दिखाई पड़ रही है। कुछ राम लीलाएं मोहल्लों में होने से थोड़ी भीड़ जुट जाती है, लेकिन वे भी रोमांचक सीन न होने के कारण बोर होकर कुछ ही देर में वापस लौट जाती है। ऐसे में रामलीलाओं का आयोजन करने वाले भीड़ जुटाने के लिए बारबालाओं का सहारा ले रहे हैं।
मेट्रो सिटी की बार बालाओं का जलवा
रामलीलाओं में दर्शकों की भीड़ को जुटाने के लिए आयोजकों द्वारा एक बेहद ही सरल तरीका इजाद किया गया है और वो है खरदूषण और रावण के दरबार में बार बालाओं के डांस। रामलीला मंचन के दौरान जब रावण का दरबार दिखाया जाता है तो उस वक्त रावण द्वारा संवाद बोला जाता है कि मंत्री जी, नृत्य की व्यवस्था की जाए, अब ऐसे में एक पंथ दो काज पूरे करने के लिए बार बालाओं का पूरा प्रयोग किया जा रहा है। आज के समय में लोग पारंपरिक नृत्य को बिल्कुल पसंद नहीं करते, ऐसे में फिल्मी गीतों पर बार बालाओं का डांस सोने पर सुहागा का काम कर रहा है।
पर्दे के पीछे भी होता है डांस
रामलीला के मंच पर रावण की दरबार के अलावा पर्दे के आगे और पर्दे के पीछे भी बार बालाओं का डांस हो रहा है। रामलीला मंचन से जुड़े एक व्यक्ति ने अपने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि जब से टीवी पर रामायण, महाभारत और अन्य धार्मिक सीरियलों का प्रसारण होना शुरू हुआ है, तब से रामलीला मंचन का क्रेज लोगों में घटता जा रहा है।
5 से 10 हजार रुपए आता है खर्च
रामलीला में दर्शकों को बांधे रखने के लिए कम से कम दो या तीन डांस आइटम तो करा ही दिए जाते हैं। उन्होंने बताया कि इन दिनों शहर में करीब दो दर्जन से अधिक बार बालाएं आई हुई हैं, जो केवल रामलीला के मंच पर अपने ठुमके लगा रही है। एक बार बाला को बुलाने के लिए 5 से 10 हजार रुपए तक का खर्च आता है। इस खर्च पर एक बार बाला केवल तीन ही डांस आयटम देती है। उसके रहने और खाने का व्यय भी आयोजकों को ही सहन करना पड़ता है।
आगे देखिए तस्वीरें...