मेरठ. एमएलसी चुनाव के मतदान के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट में नामांकन हुआ। मेरठ से घोषित किए गए सपा प्रत्याशी राजेश यादव के नामांकन के लिए पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव भी पहुंचे। इस दौरान सपा एमएलसी डॉ. सरोजनी अग्रवाल की गैर मौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही।
बता दें कि इस बार सपा ने एमएलसी चुनाव के टिकट वितरण में भारी फेरबदल किया है। इसी कड़ी में मेरठ से दो बार सपा से एमएलसी रहीं डॉ. सरोजनी अग्रवाल के स्थान पर गाजियाबाद के राजेश यादव को मेरठ से एमएलसी के लिए टिकट दिया गया है। गुरुवार सुबह राजेश यादव का नामांकन कराने के लिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव और सपा के कई बड़े नेता कलेक्ट्रेट पहुंचे।
कई बड़े नेता रहे मौजूद
इस दौरान कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर, राज्यमंत्री प्रभु दयाल बाल्मीकि, जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा प्रधान, सपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह, महानगराध्यक्ष आदिल चौधरी सहित सपा के कई नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। राम गोपाल यादव की मौजूदगी में एमएलसी प्रत्याशी राजेश यादव ने नामांकन पत्र दाखिल किया। हालांकि, इस दौरान सपा एमएलसी डॉ. सरोजनी अग्रवाल की गैर मौजूदगी सपाईयों में चर्चा का विषय बनी रही। वहीं, राम गोपाल यादव ने सपा प्रत्याशी राजेश यादव सहित सभी 36 सीटों पर समाजवादी पार्टी की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि एमएलसी चुनाव 2017 के विधानसभा चुनाव का रास्ता है।