मेरठ. शिवसेना ने तय किया है कि यूपी में वह
लव जिहाद के खिलाफ अपना लविंग त्रिशूल अभियान चलाएगी। इसके लिए नए कार्यकर्ताओं को सदस्य बनाया जाएगा। जिले में यह लक्ष्य कम से कम 20 हजार नए शिव सैनिक बनाने का होगा। वहीं, ब्लाक स्तर पर कम से कम दो हजार नए सदस्य बनाए जाएंगे। शिवसेना का रविवार को जिला कार्यालय पर कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि रहे शिवसेना के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर अनिल सिंह ने कहा कि शिवसेना लव जिहाद के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेगी। शिवसेना के नए कार्यकर्ता तैयार किए जाएंगे। कार्यकर्ता हर गांव में जाकर त्रिशूल बांटेगें। राज्य में सपा सरकार जिस तरह से कार्य कर रही है, इसके चलते राज्य में लव जिहाद को बढ़ावा मिल रहा है। शिवसेना हिंदू रक्षा के लिए राज्य में अभियान चलाएगी और लव जेहादियों से निपटेगी। परिवार नियोजन का भी विरोध करने की बात कही। जरूरत पड़ी तो इस संबंध में पीएम से भी मुलाकात कर अपना पक्ष रखा जाएगा।
गोरक्षा के लिए करेंगे जागरूक
कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान यह किया गया कि गोरक्षा के लिए गांव-गांव में जाकर ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा। शहर में हो रहे पशुओं के अवैध कटान को रोकने के लिए अफसरों और जनप्रतिनिधियों का घेराव किया जाएगा। जिला प्रमुख धर्मेंद्र तोमर ने कहा कि शिवसेना जिले में अपना अभियान सोमवार से ही शुरू करेगी।
दो हजार कार्यकर्ता पर बनेगा सिंहगढ़
शिवसेना के सम्मेलन में तय किया गया कि जिस विकास खंड में दो हजार नए शिव सेना के सदस्य बन जाएंगे, उस विकास खंड को सिंहगढ़ का नाम दिया जाएगा। सिंहगढ़ को पूरी तरह लव जिहाद से मुक्त रखा जाएगा। सिंहगढ़ में कहीं भी पशुओं का अवैध कटान नहीं होने दिया जाएगा।
शंख बजाए तलवार लहरायी
कार्यक्रम के दौरान शिवसेना कार्यकर्ताओं ने जहां शंख बजाकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। वहीं, मंच पर मुख्यअतिथियों के आते ही कार्यकर्ताओं ने उनका त्रिशूल और तलवार लहराकर स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरूआत छत्रपति शिवाजी महाराज और शिव सेना के संस्थापक बाल ठाकरे के चित्र के समक्ष दीप जलाकर की गई।
फोटो: मंच से हाथ उठाकर कार्यकर्ताओं में जोश भरते शिवसेना के पदाधिकारी