मेरठ/लखनऊ. यूपी में बागपत लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार घोषित पूर्व केंद्रीय मंत्री सोमपाल शास्त्री के पुत्र संदीप चौधरी और पुत्रवधू मनीषा चौधरी अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने सोमवार को एक संवाददाता सम्मेलन में संदीप और उनकी पत्नी मनीषा की उपस्थिति में उन्हें भाजपा में शामिल किए जाने की घोषणा की।
इस मौके पर पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं लखनऊ के सांसद लालजी टंडन, प्रदेश महामंत्री संगठन राकेश कुमार, प्रदेश मंत्री अनूप गुप्ता और प्रवक्ता विजय पाठक मौजूद थे। यह पूछे जाने पर कि क्या पार्टी संदीप को लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाएगी, बाजपेयी ने कहा कि वे पार्टी क ी नीतियों में आस्था जताते हुए बिना शर्त इसकी सदस्यता ग्रहण की है।
राजनीति के मैदान में पिता का साथ छोड़कर भाजपा में शामिल होने का कारण पूछे जाने पर संदीप ने कहा कि वे गलत पार्टी में हैं। यह बताते हुए कि संदीप बागपत में अनेक सामाजिक कार्यों में लगे हैं और मनीषा यमुना बचाओ आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। बाजपेयी ने बताया कि उनके साथ कई जिला पंचायत सदस्यों, ग्राम प्रधानों और बागपत के कई अन्य महत्वपूर्ण लोगों ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है।