मेरठ. सदर बाजार में काली माता मंदिर के पास स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान में कुंबल कर घुसा चोर दुकान मालिक की आंखों के सामने ही गायब हो गया। दुकान मालिक दुकान का शटर खोलने के चक्कर में लगा रहा और चोर उसी कुंबल से निकल कर फरार हो गया, जिससे वह दुकान के अंदर घुसा था। चोरी की इस घटना से व्यापारियों में रोष है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से फिंगर प्रिंट लिए। थाना सदर बाजार में अज्ञात चोर के खिलाफ तहरीर दी गई है। चोरी की सूचना मिलने पर कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल भी वहां पहुंचें और व्यापारी से घटना की जानकारी की।
सदर बाजार में काली माता मंदिर के पास योगेंद्र भारद्वाज की नेशनल ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। सोमवार के कारण बाजार बंद रहता है। योगेंद्र भारद्वाज शाम करीब साढ़े पांच बजे मंदिर आए। तभी उनकी नजर अपनी दुकान के शटर में बनी एक छोटी सी शीशे की खिड़की से अंदर गई। अंदर दुकान में उन्हें लाइट जली मिली और किसी व्यक्ति के अंदर होने का अहसास हुआ। उन्होंने तुरंत शोर मचा दिया। आसपास के लोग वहां एकत्र हो गए। सभी दुकान के बाहर खड़े हो गए। कुछ लोग दुकान के ऊपर छत पर जा चढ़े।
घर से दुकान की चाबी मंगाकार शटर खोलने की कोशिश की गई, लेकिन शटर के अंदर से भी ताले लगे थे। किसी तरह अंदर लगा ताला तोड़कर शटर खोला गया। अंदर घुसकर पता चला कि चोर भाग गया है। दुकान से चांदी के जेवर, बर्तन आदि कीमती सामान के अलावा दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर चोर अपने साथ ले गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
आगे पढ़िए एसी के बगल में किया चोरों ने कुंबल...