फोटो: ट्रैक ठीक करते रेलवे के कर्मचारी।
मेरठ. दिल्ली-देहरादून रेल मार्ग पर मेरठ में पाबली रेलवे स्टेशन के पास रेल की टूटी पटरी के ऊपर से ही ट्रेन गुजरती रही। पटरी में आए क्रैक का पता सुबह तब चला जब गैंग मैन पटरी का निरीक्षण करता हुआ वहां से गुजरा। उसने तुरंत अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। इसकी जानकारी मिलने से रेलवे प्रशासन में हड़कंप मचा रहा। दिन में रेलवे कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची और दूसरी पटरी बदलकर ट्रेनों का आवागमन सुचारू किया गया। सूत्रों की मानें तो जिस तरह रात में सभी ट्रेनें टूटी पटरी से होकर गुजरी उससे बड़ा हादसा हो सकता था।
पाबली स्टेशन के पास सिग्नल से पहले रेलवे पटरी में क्रैक आया। रात में कई ट्रेनें पटरी में आए क्रैक के बावजूद गुजर गई। सूचना मिलने पर रेलवे के जेई रविंद्र कुमार और एमसीएम प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे। दोनों की देखरेख में टूटी पटरी को बदलने का कार्य किया गया। इस दौरान कई ट्रेनों को कॉसन में गुजारा गया। शाम को साढ़े चार बजे के बाद पटरी बदलने का काम पूरा होने पर ट्रेनें अपनी निर्धारित गति से आगे की ओर बढ़ी।
ठंड के कारण आया क्रेक
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि रेल पटरी में यह क्रैक ठंड के कारण आया है। अधिकारियों का कहना है कि ठंड के कारण अक्सर रेल पटरी में क्रैक आ जाता है। इस देखते हुए रेलवे ट्रैक के निरीक्षण का कार्य और तेज किया जा रहा है। एमसीएम प्रदीप कुमार ने बताया कि रेल पटरी बदलने के लिए 15 कर्मचारियों को लगाया गया।
24 घंटे में इस रूट से गुजरती है 60 ट्रेन
दिल्ली-देहरादून रेलवे मार्ग पर 24 घंटे में करीब 60 ट्रेन गुजरती है। इनमें मालगाड़ी और एक्सप्रेस ट्रेन भी शामिल हैं। दिल्ली-देहरादून शताब्दी, जन शताब्दी, शालीमार, जालंधर एक्सप्रेस, उत्कल एक्सप्रेस आदि कई प्रमुख ट्रेनों का यही रूट है। सहारनपुर होते हुए पंजाब जाने वाली कई ट्रेन इसी रूट से गुजरती है।
आगे देखिए तस्वीरें...