मेरठ. कसेरू बक्सर निवासी एक महिला बुधवार को पुलिस ऑफिस में बेहोश होकर गिर गई। महिला के बेहोश होते ही वहां मौजूद पुलिस कर्मियों के होश उड़ गए। आनन-फानन में महिला थाना प्रभारी को बुलाकर बेहोश महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया। महिला एसएसपी के पास अपनी शिकायत लेकर पहुंची थी। आरोप है कि महिला के साथ एक दुकानदार ने अपने साथी के साथ मिलकर दुकान में खींच कर रेप का प्रयास किया। शोर मचाने और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। महिला के शरीर पर चोटों के निशान थे।
कसेरू बक्सर निवासी महिला के साथ आए लोगों ने बताया कि बुधवार सुबह महिला अपनी बहन के यहां अम्हेडा जा रही थी। रास्ते में शिवम ज्वेलर्स की दुकान पर बैठे सुबोध, तेजवीर, भोला उर्फ नरेश ने उसे अकेला देखकर अपनी दुकान में खींच लिया और दुकान का शटर गिरा दिया। आरोप है कि महिला के साथ आरोपियों ने रेप का प्रयास किया। शोर मचाने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसके गले में रस्सी का फंदा डालकर जान से मारने की कोशिश की। मारपीट में महिला को गंभीर चोटें आई। महिला का शोर सुनकर उधर से जा रहे उमेश और जसवीर ने किसी तरह महिला को आरोपियों के चुंगल से छुड़ाया।
पीड़िता को साथ लेकर पहुंचे थे पुलिस ऑफिस
पीड़ित महिला को साथ लेकर परिजन और आस पड़ोस के लोग पुलिस ऑफिस में एसएसपी से मिलने पहुंचे थे। एसएसपी उस समय अपने कार्यालय में नहीं थे। एसपी क्राइम अरविंद कुमार उनके कार्यालय में फरियादियों की शिकायतें सुन रहे थे। जिस समय एसपी क्राइम ने महिला से पूछताछ शुरू की, पीड़ित महिला बेहोश होकर वहीं गिर गई। यह देख वहां मौजूद पुलिस कर्मियों के होश उड़ गए। एसपी क्राइम ने महिला थानाध्यक्ष अलका पंवार को बुलाकर बेहोश महिला को जिला अस्पताल भिजवाया। एसपी क्राइम ने बताया कि महिला की शिकायत की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इंचौली पुलिस से इस संबंध में जांच करने के लिए कहा गया है।
आगे तस्वीरों में देखिए महिला की चोट दिखाते परिजन...