सहारनपुर. शादी समारोह में वर पक्ष की युवती से छेड़छाड़ किए जाने को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। वर और वधु पक्ष के बीच जमकर लाठी-डंडे और हथियार चले। यही नहीं एक दूसरे पर कुर्सियां फेंककर मारी गई, जिससे वर-वधु पक्ष के एक दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोतवाली बेहट क्षेत्र के गांव अब्दुल्लापुर निवासी वतन सिंह पुत्र बनारसी की बेटी रवीना की बारात गांव पानसर निवासी अरविंद पुत्र ब्रजपाल सिंह लेकर आया था। बुधवार की देर शमा जब दुल्हा अरविंद बारात लेकर वधु के घर पहुंचा तो घर में प्रवेश करते समय वर पक्ष की एक युवती से वधु पक्ष के कुछ युवकों ने छेड़छाड़ कर दी। इसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते मामला इतना बढ़ा की दोनों पक्षों के लोगों द्वारा एक दूसरे पर कुर्सियों फेंकी गई और लाठी-डंडों से भी मारपीट की गई। इस दौरान वर पक्ष से उसके चाचा सुरेंद्र, लोकेश, विजय और वधु पक्ष से दुल्हन के नाना
कश्मीरा सिंह निवासी इस्लामनगर, मामा अजय और रजनीश, परिवार के ही अमरजीत सिंह सहित कई लोग घायल हो गए। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकार कर आपस में लड़ रहे लोगों को तितर-बितर किया। इसके बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। उसके बाद दोनों पक्षों को बैठाकर विवाह समारोह की अन्य रस्मों को पूरा किया गया।
फोटो: मारपीट में घायल हुआ युवक।