नोएडा. दादरी पुलिस ने 22 हज़ार रुपए का इनामी बदमाश राकेश को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। नई आबादी का रहने वाला राकेश पुत्र हरिश्चंद पर दादरी, नोएडा, कासना, बादलपुर, सूरजपुर, दिल्ली व हापुड़ में लूट, डकैती और हत्या के 40 से अधिक मुक़दमे दर्ज हैं। 16 जुलाई को आपसी गैंगवार में हुई हत्या में राकेश मुख्य आरोपी था। पुलिस काफी दिनों से उसकी तलाश में थी।
बताते चलें कि ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र के नई बस्ती गांव में हुई 16 जुलाई को आपसी गैंगवार में राकेश उर्फ़ राका ने साथी जितेंद्र को उसी के गांव में गोली मार कर हत्या कर दी थी। घटना के बाद से ही पुलिस उसके पीछे लगी हुई थी। बीती पांच अगस्त को क़स्बा चौकी सूरजपुर के निकट पुलिस और बदमाशों के मुठभेड़ में राकेश फरार हो गया था। वह दादरी और हापुड़ से वांछित था।
आरोपी के पास से अवैध असलहा भी बरामद
गौतमबुध नगर पुलिस ने उसपर 12 हज़ार रुपए और हापुड़ से 10 हज़ार का इनाम घोषित था। पुलिस कई दिनों से उसे पकड़ने के फ़िराक में थी। आखिरकार बुधवार की रात दादरी पुलिस ने राकेश को सूर्य होटल के निकट शिव नाडर विश्वविद्यालय के पीछे जंगल से धर दबोचा। पुलिस ने राकेश से अवैध असलहा भी बरामद किया है। राकेश उर्फ़ राका के ऊपर दादरी, नोएडा, कासना, बादलपुर, सूरजपुर, दिल्ली और हापुड़ में लूट, डकैती और हत्या के 40 से अधिक मुक़दमे दर्ज हैं।
क्या कहते हैं एसपी
एसपी देहात डॉ. ब्रजेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने राकेश उर्फ़ राका को गिरफ्तार कर लिया है। उसके बाकी साथियों की तलाश में जुटी हुई है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।