नोएडा. देश की राजधानी
दिल्ली से सटे नोएडा के एक कॉलेज में गुरुवार को हंगामा हो गया। हंगामा तब हुआ जब सेक्टर-62 में जेएसएस इंजीनियरिंग कॉलेज के गर्ल्स हॉस़्टल की छात्राओं ने टॉयलेट में स्पाई कैमरा लगा देखा और कॉलेज प्रशासन से
इसकी शिकायत की। छात्राओं ने कॉलेज प्रशासन पर वीडियो क्लिप बनाने का आरोप लगाया है। खबर फैलते ही कॉलेज कैंपस में हंगामा शुरू हो गया। स्थिति शांत करने के लिए भारी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात करना पड़ा और मीडिया के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया।
ऐसे खुला मामला
गुरुवार को बीए की एक छात्रा टॉयलेट गई तो अचानक उसकी निगाह एक अजीब सी दिखने वाली चीज पर पड़ी। जब पता किया तो वह स्पाई कैमरा निकला। उसने शोर मचाते हुए हॉस्टल की सारी लड़कियों को इकट्ठा कर लिया। गुस्साई छात्राएं हॉस्टल के बाहर आ गई और वार्डन के खिलाफ नारे लगाने लगीं। छात्राओं का आरोप है कि इसमें वार्डन की मिलीभगत है। उनकी मांग है कि वार्डन के खिलाफ कड़ी से कड़ी कारवाई कराई जाए। गुस्साए छात्र-छात्राओं ने हॉस्टल वार्डन और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वे परिसर के बाहर धरने पर बैठ गए।
कालेज प्रशासन का कहना है कि शुरुआती जांच के मुताबिक गर्ल्स होस्टल में काम करने वाला पलम्बर और अन्य स्टाफ शक के दायरे में है। पुलिस भी मामले की जांच कर रही है।
तीन कैमरे और दो मेमोरी कार्ड बरामद
छात्राओं का कहना है कि इन कैमरों की मदद से वीडियो क्लिप भी बनाई गई है। मौके पर पहुंची पुलिस को वहां से तीन कैमरे और उनमें लगे दो मेमोरी कार्ड मिले हैं। पुलिस के पहुंचने से पहले ही तीसरे कैमरे में लगे मेमोरी कार्ड को तोड़ दिया गया था।