फोटो: हर-हर महादेव के साथ फीता काटकर अपार्टमेंट के ऑफिस का उद्घाटन करते रविकिशन।
वाराणसी. भोजपुरी फिल्म के सुपर स्टार रविकिशन ने शुक्रवार को कहा कि पाकिस्तान जिस तरह से बार-बार भारतीय सीमा में घुस रहा है, उसे घर में घुसकर खदेड़ना चाहिए। भारतीय सेना के जवानों ने लालबहादुर शास्त्री के समय जैसे पाक को खदेड़ा था, वैसे ही फिर कार्रवाई करना चाहिए। ये बातें उन्होंने वाराणसी के सिगरा पहुंचे एक अपार्टमेंट के ऑफिस के उद्घाटन समारोह में कही। इस दौरान उन्होंने पीएम
नरेंद्र मोदी से प्रेरित होकर जौनपुर के गांव नाऊपुर को गोद लेने की घोषणा की।
बताते चलें कि नौ जून 1964 को लालबहादुर शास्त्री भारत के प्रधानमंत्री बने। 1965 में भारत-पाकिस्तान के बीच
जम्मू-कश्मीर के विभाजन के लिए युद्ध हुआ। इस दौरान पाकिस्तान ने अचानक हवाई हमला कर दिया था। लालबहादुर शास्त्री ने तुरंत सेना के साथ आपात बैठक की और सेना के जवानों ने लाहौर तक घुसकर पाकिस्तान को खदेड़ दिया। भारतीय थल सेना ने भी डटकर मुकाबला किया था। अमेरिका के हस्तक्षेप के बाद युद्ध विराम हुआ।
रविकिशन ने कहा- पाकिस्तान को झंड कर देना चाहिए
पाकिस्तान की ओर से हो रहे लगातार हमलों पर रविकिशन ने कहा कि सेना के जवान को पाकिस्तान को झंड कर देना चाहिए। हरहरा कर उलट देना चाहिए। भारतीय जवान पाकिस्तानियों को वापस भेज देंगे। भारतीय जवानों के जज्बे को उनका सलाम है। उन्होंने कहा कि छुप-छुप कर वार करना कायरता है और पाकिस्तान हमेशा से यही करते आ रहा है।
फिल्म सिटी पूर्वांचल में बने तो और अच्छा होगा
रविकिशन ने बताया कि काफी दिनों से मन में था कि गांव के लिए कुछ किया जाए। इसलिए गांव में रंगमंच के लिए जमीन देख रहे हैं। पूर्वांचल के कलाकारों को इस रंगमंच भवन में शिक्षा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि सीएम अखिलेश यादव से उनकी मुलाकात हुई है। फिल्म सिटी के लिए सौ एकड़ जमीन कानपुर हाइवे के पास निश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि फिल्म सिटी यदि पूर्वांचल में बने तो और अच्छा होगा।