वाराणसी. जम्मू-कश्मीर में बाढ़ से मची तबाही ने पूरे देश को झकझोर दिया है। पीएम
नरेंद्र मोदी ने सभी राज्यों के लोगों के लिए बाढ़ पीड़ितों की मदद करने की अपील की है। ऐसे में पीएम के संसदीय क्षेत्र काशी के लोग भी आगे आ रहे हैं। यूपी डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ ने बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया है। यहां से इकट्ठा किए गए ब्लड को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की वाराणसी यूनिट
जम्मू-
कश्मीर भेजेगी।
यूपी डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ के मंडल सचिव कमलेश प्रधान ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 27 साल पहले खून की कमी के चलते महासंघ के संस्थापक सचिव आरके दत्ता की मौत हो गई थी। तब से महासंघ ने एक संकल्प लिया कि कभी भी किसी प्राकृतिक आपदा में खून की कमी से किसी की मौत नहीं होने दी जाएगी। इसलिए ब्लड डोनेशन कैंप लगाया गया है।
बताते चलें कि जम्मू-कश्मीर में बाढ़ का पानी उतरना शुरू हो गया है, लेकिन करीब छह लाख लोग अब भी फंसे हुए हैं। संचार व्यवस्था इस कदर ठप पड़ी है कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला का कहना है कि उनके 90 फीसदी मंत्रियों से उनकी बात नहीं हो पा रही। राहत और बचाव कार्य जारी है। लेकिन सभी तक राहत नहीं पहुंच पा रही। पानी भर चुके सेना के कई शिविरों में भी करीब एक हजार फौजी और उनके परिवार भूखे-प्यासे राहत आने का इंतजार कर रहे हैं।
फोटो: बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए ब्लड डोनेट करते लोग।