फोटोः आईआईटी बीएचयू के तीसरे दीक्षांत समारोह में मेडल के साथ टॉपर श्रृद्धा अग्रवाल।
वाराणसी. आईआईटी बीएचयू के तीसरे दीक्षांत समारोह में लड़कियों ने बाजी मार ली है। टॉपर रही कंप्यूटर साइंस की श्रृद्धा अग्रवाल को कुल सात मेडल मिले हैं। बीटेक के सिर्फ कंप्यूटर साइंस में ही नहीं, बल्कि सभी ट्रेड में अव्वल रही श्रृद्धा ने प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में पीएम का इफेक्ट दिखने लगा है। मोदी ने जिस तरह से शोध कार्यों को बढ़ावा देने के लिए फंडिंग करने को कहा है उससे लगता है कि आने वाले समय में आईआईटियंस को उच्च शिक्षा या सुनहरे भविष्य के लिए दूसरे देश नहीं जाना होगा।
सोमवार को आईआईटी बीएचयू में हुए तीसरे दीक्षांत समारोह में कुल 38 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल दिया गया है। इसमें से 16 छात्र और 22 छात्राएं हैं। कंप्यूटर साइंस की श्रृद्धा अग्रवाल को कुल सात मेडल मिले हैं। उन्होंने कंप्यूटर साइंस में ही नहीं, बल्कि बीटेक में टॉप रैंक हासिल किए हैं।
समारोह की मुख्य अतिथि पर्यावरणविद डॉ. वंदना शिवा ने मेधावियों को गोल्ड मेडल और डिग्री देकर सम्मानित किया। समारोह में कुल वर्ष- 2014 में परीक्षा पास करने वाले 1218 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। बीएचयू के दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता कुलपति प्रो. गिरीशचन्द्र त्रिपाठी ने की।
दीक्षांत समारोह के दौरान डॉ. वंदना शिवा ने कहा कि देश में ज्ञान स्वराज होना चाहिए। सभी को अपनी प्राकृतिक संपदा के बारे में पता होना चाहिए। ज्ञान की संप्रभुता की कमी होने के कारण लोग जैविक चोरियों को नहीं समझ पा रहे हैं। इसका फायदा बहुराष्ट्रीय कंपनियां उठा रही हैं। विदेशी कंपनियां प्राकृतिक संसाधनों पर धीरे-धीरे एकाधिकार करने का प्रयास कर रही हैं। इसे सभी को समझना होगा।
आगे पढ़िए, कितने छात्र-छात्राओं को मिली उपाधि...