वाराणसी. मंडुआडीह से छपरा जा रही सवारी गाड़ी मंगलवार शाम 4.00 बजे पूर्वोत्तर रेलवे के सिटी स्टेशन के पास बोगी पलटने से दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
ट्रेन के इंजन से दूसरी बोगी पलट गई, इससे स्टेशन पर अफरा तफरी मच गई। ट्रेन की जो बोगी पलटी थी, उसमें दर्जनों यात्री सफ़र कर रहे थे। किस्मत अच्छी थी कि बड़ा हादसा प्लेटफार्म के चबूतरे ने टाल दिया, फिर भी आठ से ऊपर यात्री घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही रेलवे के सारे बड़े अधिकारी घटना स्थल पर पहुंच गए। अधिकारियों की ओर से बताया जा रहा है कि तकनीकी कारणों से हादसा हुआ।
तमाशबीनों की लगी भीड़
सिटी स्टेशन भीड़ भाड़ वाला इलाका है। जैसे ही बोगी पलटने की खबर इलाके में पहुंची, तमाशबीनों की भीड़ लग गई। कुछ लोगों ने बोगी में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद भी की और घायल लोगों को इलाज के लिए व्यवस्था भी की। क्रॉसिंग प्वाइंट होने की वजह से ट्रेन की बोगी प्लेटफार्म पर जाकर टिक गई।
घायल यात्री ननकू ने बताया कि अचानक बड़ी तेजी से आवाज हुई और ट्रेन पलट गई। बोगी में सवार हर कोई चिल्लाने लगा। किसी तरह से भगवान ने जान बचा ली। रहमान ने बताया बोगी में कुछ लोग फंसे थे उनको किसी तरह बाहर निकाला गया।
क्या कहते हैं अधिकारी, क्या थी हादसे की वजह
डीआरएम अजय विजय वर्गीय ने बताया कि ट्रेन जिस समय दुर्घटना ग्रस्त हुई, उस समय स्पीड 8 किमी के करीब रही होगी। ट्रेन कैंट से चलकर वाराणसी सिटी स्टेशन पर क्रासिंग प्वाइंट तक पहुंची थी, तभी हादसा हो गया। कुछ यात्री बोगी में सवार थे, जिनकी जान बच गई। डीआरएम ने बताया कि हादसे की जांच के लिए टीम बना दी गई है। तकनीकी कारणों का पता किया जा रहा है। स्पीड कम होने की वजह से पीछे की बोगियां सुरक्षित रह गई। प्लेटफार्म के सतह ने भी हादसे को रोका है।
आगे देखें सिटी स्टेशन पर कैसे पलटी बोगी और कैस बचाया गया यात्रियों को...