वाराणसी. कल रामनगर स्थित सपा रैली में पब्लिसिटी के लिए मंत्रियों और सांसदों के अनोखे अंदाज को देख लोग हैरान रह गए। इनके इस अंदाज को सोशल नेटवर्किंग साइटों के इस्तेमाल से जन-जन तक पहुंचाने की कोशिश भी की गई। रैली स्थल तक पहुंचने के लिए किसी ने बैलगाड़ी की सवारी की, तो कार से चलने वाले सांसद ट्रैक्टर चलाते हुए रैली स्थल पर पहुंचे।
'बोल मुलायम हल्ला बोल' के नारे के साथ लाखों कार्यकर्ता रैली स्थल की ओर बढ़ रहे थे। रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए राज्यमंत्री सलाहकार महिला कल्याण विभाग की रीबु श्रीवास्तव करीब 3500 समर्थकों के साथ बैलगाड़ी पर बैठकर गाजे बाजे के साथ रैली स्थल पर पहुंची।
मुलायम सिंह और अखिलेश यादव को देखने पहुंची भीड़ भी मंत्री के इस दिलचस्प अंदाज को देख कायल हो गई। वह बैलगाड़ी पर से ही बार-बार जनता का हाथ हिलाकर अभिवादन करती दिखी।
लाखों की भीड़ में अपनी अलग पहचान बनाने के लिए समाजवादी पार्टी के नेताओं ने कोई कसर नहीं छोड़ी। चंदौली के सांसद रामकिशुन यादव खुद ही समर्थकों को लेकर ट्रैक्टर चलाते हुए रैली स्थल तक पहुंचे।
वहीं रैली को देखने पहुंचे संजय राजभर ने बताया कि ये नेता बैलगाड़ी और ट्रैक्टर पर बैठ रहे हैं। रोज यही काम करते तब न समझ में आता। मन्नो देवी कहती हैं ट्रैक्टर चलाने से और बैलगाड़ी पर बैठने से कोई आम इंसान नहीं हो जाता है। सोहन लाल ने बताया सबको अधिकार है, जैसे मन चाहे वैसे रैली में पहुंचे।
वहीं रैली ख़त्म होते ही अराजकता का माहौल हो गया। भीड़ ने बेरीकेटिंग को तोड़ दिया। कुर्सियों को उछाल-उछाल कर फेंकना और तोड़ना शुरू कर दिया।
आगे देखें रैली खत्म होते ही कैसे भीड़ ने किया रैली स्थल को बर्बाद...