चंदौली/वाराणसी. चंदौली पुलिस और जीआरपी की टीम को गुरुवार की सुबह बड़ी कामयाबी हाथ लगी। टीम ने मुगलसराय स्टेशन से चार किलो सोने के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए युवक नागपुर के रहने वाले हैं। बताया जाता है कि वे जूतों में सोना छिपाकर थाइलैंड से भारत लेकर आए थे। जांच एजेंसियां दोनों से पूछताछ कर रही हैं।
जीआरपी को सुचना मिली कि मुगलसराय स्टेशन पर दो व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में घूम रहे हैं। वे नागपुर जाने वाली ट्रेन के बारे में पूछताछ कर रहे हैं। उनके पास विदेशों से लाया गया चार किलो सोना है। सूचना मिलते ही टीम सतर्क हो गई। उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या चार से दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने खास किस्म के जूते पहन रखे थे। इसमें सोना छिपा रखा था।
भेजा गया जेल
पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि करीब दो हफ्ते पहले वे थाईलैंड से सोना लेकर आए थे। टैक्सी के जरिए वे कल देर रात मुगलसराय स्टेशन पहुंचे। यहां से नागपुर के लिए ट्रेन पकड़नी थी। इनसे अभी पूछताछ की जा रही है। संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को जीआरपी ने सूचना दे दी है। दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
मिली भगत से एयरपोर्ट से निकला होगा सोना
दोनों तस्करो के पकड़े जाने से मामले में संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत की बात भी सामने आई है। आशंका जताई जा रही है एयरपोर्ट के अधिकारियों ने इसमें मदद की होगी। बड़ा सवाल ये है कि जब एयरपोर्ट पर सोने को अपने जूते में छिपाकर पहुंचे, तो वहां से बिना जांच के कोई कैसे बाहर आ सकता है। इससे साफ हो जाता है कि कहीं न कहीं इस सोने की तस्करी में एयरपोर्ट के अधिकारी और वहां तैनात कस्टम विभाग के लोगों ने भी मदद की होगी।
आगे पढ़िए, पहले भी आ चुके हैं ऐसे मामले और देखिए, संबंधित वीडियो...