चंदौली. यूपी बिहार बॉर्डर के NH-2 पर स्थित नौबतपुर चेकपोस्ट से दो दिन पहले चोरी हुए चमड़े से लदे ट्रक को पुलिस ने चोर सहित बिहार के मोहनिया के पास स्थित टोल टैक्स से बरामद कर लिया। आरोपी ने टोल टैक्स के पास ट्रक खड़ा किया था और उसे बेचने की बात कर रहा था। उसके पास से दो फर्जी लाइसेंस, दो
मोबाइल और दो हजार रुपए नकद बरामद हुए हैं। पुलिस ने मीडिया के सामने इसका खुलासा किया।
कानपुर से चमड़ा लेकर एक ट्रक
कोलकाता के लिए जा रहा था। ट्रक में लगभग 12 लाख रुपए मूल्य का चमड़ा लदा हुआ था। शुक्रवार की रात में ट्रक को यूपी-बिहार की सीमा पर स्थित नौबतपुर चेकपोस्ट के पास खड़ा कर चालक और खलासी ढाबे में खाना खाने लगे। इसी बीच चोरों ने मौका पाकर उसे गायब कर दिया। खाना खाकर जब चालक और खलासी लौटे तो देखा कि ट्रक गायब है। काफी खोजबीन करने पर भी नहीं पता नहीं चला तो चालक ने इसकी सुचना अपने मालिक को देने के साथ ही सैयदराजा कोतवाली में दी।
बिहार की पुलिस के सहयोग से किया बरामद
ट्रक चोरी का मामला दर्ज कर पुलिस ने कई जगहों पर घेरे बंदी कर चेकिंग अभियान चलाया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। सैयदराजा कोतवाली इंस्पेक्टर राम निहोर मिश्रा ने बताया की शनिवार की देर रात मुखबिर की सुचना पर पुलिस ने ट्रक को मोहनिया के पास स्थित टोलटैक्स से बिहार पुलिस के सहयोग से बरामद कर लिया।
बिहार का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार चोर अशोक यादव गोटपा विक्रमगंज बिहार का निवासी है। ट्रक चुराकर उसने मोहनिया के पास स्थित टोल टैक्स के पास खड़ा कर दिया था और उसे बेचने की फिराक में था। उसके पास से बिहार के दो फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस, दो मोबाइल और दो हजार नकद बरामद हुआ है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
फोटो: इसी ट्रक की हुई थी चोरी। इनसेट में पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।