वाराणसी. अमेरिकी राष्ट्रपति
बराक ओबामा 26 जनवरी को भारत दौरे पर आ सकते हैं। कयास लगाया जा रहा है कि इस दौरे पर वह गंगा और बनारस को लेकर कुछ घोषणाएं कर सकते हैं। इसी क्रम में गुरुवार को अमेरिकी एंबेसी के भारत में राजनयिक डेविड बॉक्सर काशी के मेयर राम गोपाल मोहले से मिलने नगर निगम पहुंचे।
डेविड पर्यावरण विज्ञान और तकनीकी मामले के विशेषज्ञ भी हैं। 40 मिनट तक हुई बातचीत में डेविड ने गंगा स्वच्छता मिशन पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने बताया कि गंगा पांच राज्यों से होकर गुजरती है। पीएम मोदी का संसदीय क्षेत्र काशी है, मिशन की शुरुआत यहीं से हो तो बेहतर होगा। उन्होंने बताया कि पहले गंगा की स्थिति को विजिट में जानना था। इसकी रिपोर्ट अमेरिकी एंबेसी को सौंपी जाएगी, जिसपर राष्ट्रपति ओबामाा की नजर है।
न्यूयार्क और लॉस एंजिल्स की तर्ज पर काम करने का प्रयास
राजनयिक डेविड बॉक्सर काशी में गंगा और शहर में वेस्ट मैनेजमेंट को देखकर काफी चिंतित थे। उन्होंने बताया कि न्यूयार्क सिटी में कई नदियों को बेहतर ट्रीटमेंट प्लांट की न्यू टेक्नॉलॉजी के तहत बचाया गया है। उन्होंने चर्चा में बताया कि ट्रीटमेंट तभी संभव है, जब उसकी प्लानिंग धरातल पर दिखे। लॉस एंजिल्स में वेस्ट मैनेजमेंट की पूरी प्लानिंग नागरिकों से मिलकर की गई है। शहर में बिजली का उत्पादन भी ट्रीटमेंट के जरिए ही किया जाता है।
अमेरिका चाहता है कोलेबोरेशन
डेविड ने बताया कि गंगा के लिए वो मंत्रालय और मंत्रियों से भी मुलाकात करेंगे। उनका कहना था भारतीय प्लान को देखकर अमेरिका तकनीक पर बात करेगा। नई तकनीकी के बिना कुछ भी संभव नहीं है। गंगा को लेकर अलग-अलग समस्याएं है, जिन पर गंभीरता से विचार करना होगा।
मेयर ने मांगा डेविड बॉक्सर से प्लान
मेयर राम गोपाल मोहले ने बताया कि डेविड पर्यावरण के अच्छे जानकार हैं। उनके तरफ से कोई भी प्लान नहीं लाया गया था। उन्होंने बताया कि गंगा को लेकर सरकार मोदी जी के विजन पर व्यापक काम कर रही है।
फोटो: मेयर से बात करते डेविड बॉक्सर।