जौनपुर. बक्शा थाना क्षेत्र के मीरगंज गांव में शनिवार को एक शादी समारोह में चल रहे आर्केस्ट्रा के दौरान कैबिनेट मंत्री पारसनाथ यादव के बेटे लकी यादव और उसके सहयोगियों ने जमकर उत्पात मचाया। उन्हें रोकने गए ग्रामीणों के साथ उन्होंने जमकर मारपीट और फायरिंग की। इसी बीच समझाने आए एक व्यक्ति पर लकी ने गोली चला दी। इससे दीपक यादव नामक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। आनन-फानन में उसे बीएचयू में भर्ती कराया गया है। वारदात से गुस्साए ग्रामीणों ने बारातियों के कई वाहनों को चकनाचूर कर दिया।
बक्शा थाना क्षेत्र के मीरगंज गांव के निवासी रमाशंकर यादव के बेटी की शनिवार को बारात आई थी। इसमें यूपी के कैबिनेट मंत्री पारसनाथ यादव के पुत्र लकी यादव भी अपने लाव-लश्कर के साथ शरीक हुए थे। देर रात में आर्केस्ट्रा चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शी अरविंद यादव और घायल दीपक यादव के अनुसार, लकी यादव शराब के नशे में धुत होकर आर्केस्ट्रा स्टेज पर चढ़कर नाचने लगा। आर्केस्ट्रा पार्टी के लोगों ने विरोध किया तो लकी यादव सबको मारने पीटने लगे।
तीन सौ मीटर दौड़ा कर मारा गोली
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वे लोग उन्हें समझाने का प्रयास करने लगे तो उसने पिस्टल निकाल लिया। वे अपनी जान बचाकर भागे तो लकी ने करीब तीन सौ मीटर दूर दौड़ाकर गोली मार दी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम पर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बीएचयू रेफर कर दिया गया।
मामला दर्ज
इस मामले में पुलिस ने मंत्री के बेटे समेत पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास करने समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी बबलू कुमार ने बताया कि लकी यादव समेत पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 427 और 307 में बक्शा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पूरे मामले की जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फोटो: अस्पताल में भर्ती घायल।