वाराणसी. चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग के भारत दौरे से नाराज कांग्रेसियों ने प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। वहीं, आम जनता ने मोदी के चाइना प्रेम के विरोध में भारत माता मंदिर से संकल्प मार्च निकाला। इसमें महिलाओं ने भी भागीदारी की।
बताते चलें कि बुधवार से चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग भारत दौरे पर हैं। वह पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इससे नाराज कांग्रेसियों ने विरोध प्रदर्शन किया और नरेंद्र मोदी की तस्वीर को कोयला भेंट किया गया। कहा कि सरहदों पर चीन द्वारा दिखाई जा रही दादागिरी और सीनाजोरी के बावजूद चीन के राष्ट्राध्यक्ष जिनपिंग को भारत बुलाकर उनका स्वागत किया जा रहा है। व्यवसायिक संधि और समझौते की तैयारी की जा रही है।
मोदी की तस्वीर पर कोयला भेंट किया
कांग्रेस कार्यकर्ता श्वेता राय ने बताया कि अपने सांसद और देश के प्रधानमंत्री के नर्म रुख से आम जनमानस खासा नाराज है। भारतीय सैनिकों को बंधक बनाया जा रहा और चीनी सेना लगातार भारत का अपमान कर रही है। वहीं, चितरंजन पार्क दशाश्मेध में कांग्रेसियों ने मोदी को चीनी राष्ट्राध्यक्ष के स्वागत के विरोध में कोयला भेंट किया।
कमेटी के प्रवक्ता प्रमोद वर्मा ने कहा कि नरेंद्र मोदी का चाइना के प्रति उदार रवैया शर्मनाक है। बनारस का सांसद होने के नाते नरेंद्र मोदी यहां का नाम भी डूबा रहे हैं। सीमा पर घुसपैठ रोकने में नरेंद्र मोदी चीन के सामने नतमस्तक हो रहे है।
तस्वीर में: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ प्रदर्शन करते कांग्रेस कार्यकर्ता।