अलीगढ़/लखनऊ. जम्मू कश्मीर सीमा पर हो रही घुसपैठ और फायरिंग को लेकर लोगों में गुस्सा है। इन आतंकी हमलों के पीछे पाकिस्तान का हाथ है, इससे इनकार नहीं किया जा सकता। आए दिन आतंकियों के पास से मिल रहे पाकिस्तानी सामान इसके सबूत भी दे रहे हैं। इसको लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पाकिस्तान का झंडा जला कर सड़कों पर विरोध प्रदर्शन किया।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने डीएस कॉलेज के सामने पाकिस्तान विरोधी नारे लगाते हुए आतंकवाद फैलाए जाने की निंदा की। सोमवार को करीब 12 बजे एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने सड़क किनारे जमा होकर पाकिस्तान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पाकिस्तानी सेना
कश्मीर में अस्थिरता फैला रही है। इस हमले का भारतीय सेना मुंह तोड़ जवाब दे रही है।
जम्मू कश्मीर में चुनाव के दौरान आतंकी अशांति फैलाना चाहते है और इसमें आतंकियों का साथ पाकिस्तानी सेना दे रही है।
एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने कहा कि पाकिस्तान लगातार सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है। भारतीय युवा और एबीवीपी चुप नहीं बैठेगा, यदि जल्द ही पाकिस्तान ने अपनी आतंकी गतिविधियां और सीजफायर का उल्लंघन नहीं रुका, तो बड़ा आंदोलन होगा।
बीजेपी के युवा मोर्चे के जिला अध्यक्ष यतिन का कहना है कि जब से प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी ने ये दिखाया है कि राष्ट्र एक है और जम्मू कश्मीर के लोगों में ये विश्वास जगाया है कि लोकतंत्र ही उनके हितों की रक्षा कर सकता है, तब से आतंकी लोकतंत्र की आवाज़ को दबाने का भरसक प्रयास कर रहे हैं। चुनाव में जनता ने आगे बढ़कर वोटिंग की है, उससे आतंकी बौखलाए हुए हैं और लगातार जम्मू कश्मीर में घटनाएं हो रही है।
फोटोः जम्मू-कश्मीर सीमा पर हो रही घुसपैठ और फायरिंग को लेकर पाक का झंडा जलाते हुए एबीवीपी कार्यकर्ता।