झांसी. गुरुवार यानि 25 सितंबर से शारदीय नवरात्र शुरू हो रहा है। इस मौके पर दूर-दराज के लोग शहर भर के मंदिरों में दर्शन करने के लिए आते हैं। ऐसे में सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी सतर्क हो गया है। गुरुवार को प्रशासन ने श्रद्धालु महिलाओं को जेवर पहनकर मंदिर में नहीं आने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन का कहना है कि नवरात्र के दौरान मंदिरों में पुलिस मुस्तैद रहेगी, लेकिन लोगों को भी सावधानी बरतनी होगी, ताकि लूटपाट और चोरी जैसी घटनाएं न हो।
बताते चलें कि जालौन में नवरात्र को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने भी कमर कस ली है। मदिरों में जहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। वहीं, जगह-जगह पुलिस सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी रख रही है। डीएम राम गणेश और एसपी राकेश शंकर ने नवरात्र पर सुरक्षा-सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस अधिकारियों के साथ मीटिंग की। इसमें उन्होंने नवरात्र को लेकर जरुरी दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान लोगों से भी सहयोग की अपील की गई।
गौरतलब है कि आश्विन शुक्ल प्रतिपदा से शारदीय नवरात्र की शुरुआत हो रही है। इस बार दुर्गाष्टमी और नवमी तिथियां एक ही दिन पड़ने से विशेष संयोग बन रहा है। यह संयोग देवी मां के भक्तों के लिए धन और ऐश्वर्य लेकर आएगा। 25 सितंबर को घट स्थापना के साथ देश भर में नवरात्र पर्व की धूम शुरू हो जाएगी। वहीं, सप्तमी, अष्टमी, नवमी, दशमी को दुर्गा पूजा भी शुरू हो जाएगी। इस दौरान माता की चौकी भी लगाई जाएगी।
फोटो: मंदिर में जुटी महिलाओं की भीड़।