पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

ब्राह्मणों-सवर्णों के फर्जी मुकदमे होंगे वापस

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
लखनऊ. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पूर्ववर्ती बसपा राज में ब्राह्मणों एवं अन्य सवर्ण जाति के लोगों पर फर्जी मुकदमे दर्ज किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार ऐसे सभी मुकदमे वापस ले लेगी। अखिलेश ने रविवार को पार्टी की ओर से परशुराम जयंती पर आयोजित एक ब्राह्मण सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, 'पिछली सरकार में आप लोगों पर फर्जी मुकदमे लगाए गए थे। आपको जेल भी जाना पड़ा था। मैं आप को आश्वासन देता हूं कि आप पर लगे फर्जी मुकदमे वापस ले लिए जाएंगे और कई मामले पहले ही वापस लिए जा चुके हैं।'
यह कहते हुए कि ब्राह्मण समाज हमेशा ही समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलता रहा है और सही अर्थों में समाजवादी है। अखिलेश ने कहा कि सपा सरकार ब्राह्मण समाज के मान सम्मान की रक्षा में कोई कोर कसर नहीं रखेगी और हमेशा उनके साथ खड़ी दिखाई देगी। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी की तरफ से 15 दिन के भीतर आयोजित इस ब्राह्मण सम्मेलन को प्रदेश की राजनीति में मुख्य प्रतिद्वंद्वी बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चन्द्र मिश्र के नेतृत्व में हो रहे ब्राह्मण सम्मेलन की काट के रूप में देखा जा रहा है।
परशुराम जयंती पर आयोजित ब्राह्मण सम्मेलन से पहले सपा ने 26 अप्रैल को 'प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन' नाम से एक और कार्यक्रम किया था। इसमें सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री अखिलेश ने पार्टी के ब्राह्मण सम्मेलन को संबोधित करते हुए संस्कृत भाषा की रक्षा और विकास को भारतीय संस्कृति की रक्षा के लिए जरूरी बताते हुए कहा कि उनकी सरकार इस विषय में गंभीर है और महीने भर में ही संस्कृत शिक्षकों की कठिनाइयों को दूर करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।