झांसी/जालौन. गुरुवार को सीएम अखिलेश यादव बुंदेलखंड के जालौन पहुंचे। सीएम ने कहा कि अब सपा ने यहां दस्तक दे दी है। सपा सरकार का अब दायित्व है कि यहां मौजूद किसानों की समस्या का जल्द से जल्द समाधान किया है। इस जगह के सभी लोग समाजवादी हैं और सपा अपनों को कभी नहीं भूलती है। सीएम ने ग्राम बावई में सबसे पहले सपा संस्थापक रहे चौधरी शंकर सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद वह जनसभा में भाग लेने पहुंचे। सभा के दौरान सीएम ने 278 मेधावी छात्रों को लैपटॉप भी वितरित किया। उन्होंने 1000 लाभार्थियों को समाजवादी पेंशन योजना के कार्ड बांटे।
सीएम अखिलेश यादव ने 250 श्रमिकों को साइकिल के साथ ही दुर्घटना बीमा के 108 चेक भी वितरित किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी अपनों को कभी नहीं भूलती। उन्होंने कहा कि सपा ने अब बुंदेलखंड में दस्तक दे दी है। इसी क्रम में बुंदेलखंड अब सपा का गढ़ बनेगा। सपा संस्थापक रहे चौधरी शंकर सिंह सपा मुखिया
मुलायम सिंह यादव के बेहद करीबी रहे हैं। वह पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक थे। इसके साथ ही वह कालपी विधानसभा सीट से पांच बार विधायक रहे हैं।
प्रतिमा अनावरण के बाद सभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सपा अपने लोगों को सदैव याद रखती है। वह अन्य पार्टियों की तरह कार्यकर्ताओं और नेताओं में कोई भेदभाव नहीं करती है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड समस्याओं के लिए जाना जाने लगा है, लेकिन अब समस्याएं दूर होंगी क्योंकि अब यहां सपा विकास करेगी।
बताते चलें कि, यूपी के सीएम अखिलेश यादव का बुंदेलखंड में यह लगातार दूसरा दौरा है। कुछ दिनों पहले ही वह सोलर प्लांट का उद्घाटन करने महोबा पहुंचे थे। वहीं, यह दूसरा मौका है कि जब सीएम जालौन आए हैं। कुछ महीने पहले वह सेना में शहीद जवान के परिजनों को आर्थिक मदद के लिए चेक देने पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान यहां सुरक्षा व्यवस्था के कड़ेे इंतजाम रहे। कई जिलों की फोर्स यहां कार्यक्रम की सुरक्षा में लगाई गई थी।
जालौन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यूपी सीएम अखिलेश यादव।