मुजफ्फरनगर. पकड़े जाने के डर से शराब तस्करों ने आबकारी की टीम पर को अचानक गोलियां चला दी। पैर में गोली लगने से सिपाही अनिल तोमर घायल हो गया। आबकारी की टीम ने शराब तस्करों का पीछा किया तो टीम की जीप में टक्कर मार कर पलट दी गई। जीप पलटने से उसमें सवार चार लोग घायल हो गए। बाद में पुलिस ने शराब लेकर जा रहे ट्रक के चालक को दबोच लिया। जबकि उसे साथी भागने में सफल रहे।
जिला आबकारी की टीम को रविवार देर रात सूचना मिली कि बुढ़ाना से रतनपुरी की और एक ट्रक मे लाखों रुपए की शराब ले जाई जा रही है। इसके के बाद आबकारी अधिकारियों ने शराब तस्करों की घेरा बंदी कर पकड़ने का प्रयास किया। शराब तस्कर ट्रक में भरी शराब को लेकर रतनपुरी की ओर फरार हो गए। बुढ़ाना आबकारी अधिकारियों ने खतौली आबकारी विभाग और रतनपुरी पुलिस को सूचना देते हुए शराब तस्करों की घेरा बंदी की, लेकिन शराब तस्कर रतनपुरी थाने के बैरियर तोड़ पुलिस पर गोलियां बरसाते हुए थाने के आगे ही फरार हो गए।
रतनपुरी पुलिस और आबकारी टीम ने ट्रक का पीछा कर उसकी घेरा बंदी की लेकिन ट्रक के आगे चल रही कार में बैठे लोगों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक फायरिंग होती देख पुलिस और आबकारी विभाग की टीम के हाथ पांव फूल गए। इस दौरान बुढ़ाना और खतौली आबकारी टीम चलते ट्रक को ओवरटेक कर अपनी जीप आगे ले आए। जीप आगे आने पर ट्रक चालक ने जीप मे टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद जीप गहरे नाले में जा गिरी। शराब से भरा ट्रक पेड़ से जा टकराया। जीप में सवार आबकारी टीम के सदस्य संजय, याघवेंद्र, प्रेम झा, लोकेश आदि गंभीर रूप से घायल हो गए।
आबकारी अधिकारी हिम्मत सिंह ने बताया की ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है। ट्रक में करीब साढ़े चार लाख रुपए की शराब बरामद हुई है। शराब तस्करों की गिरफ्तारी के लिए चालक से पूछताछ की जा रही है।
तस्वीर में: पकड़ा गया शराब से भरा ट्रक लेकर जा रहा चालक।